एक गलती और लग सकती है पाकिस्तान को करोड़ों की चपत! होगा इतना नुकसान

एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर मैदान पर जीत हासिल की, लेकिन असली तूफान मैच खत्म होने के बाद आया. आमतौर पर मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं.

one Mistake pakistan can loose crore rupees and boycott in asia cup
Image Source: Social Media

एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर मैदान पर जीत हासिल की, लेकिन असली तूफान मैच खत्म होने के बाद आया. आमतौर पर मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखी. इसी बात पर पाकिस्तान बुरी तरह भड़क गया है.


मैच के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसे ‘अनादर’ और खेल भावना के खिलाफ़ बताते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से शिकायत की. उन्होंने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की भी मांग की, लेकिन ICC ने यह मांग सिरे से खारिज कर दी. हैरानी की बात यह रही कि इस फैसले पर ICC के जनरल मैनेजर वसीम खान के हस्ताक्षर थे, जो कभी PCB के CEO रह चुके हैं. इस निर्णय ने पाकिस्तान की नाराज़गी को और गहरा कर दिया और अब PCB यह धमकी तक दे रहा है कि वो एशिया कप 2025 से खुद को बाहर कर लेगा.

टूर्नामेंट से हटे तो PCB को होगा तगड़ा नुकसान

पाकिस्तान भले ही इस फैसले से ग़ुस्से में हो, लेकिन टूर्नामेंट से हटना उनके लिए भारी आर्थिक झटका साबित हो सकता है. एक रिपोर्ट के अनुसार, अगर PCB एशिया कप 2025 का बहिष्कार करता है तो उसे लगभग 16 मिलियन डॉलर यानी करीब 140 करोड़ रुपये का सीधा नुकसान होगा. वर्तमान में PCB पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है. ऐसे में इस बड़े नुकसान से खिलाड़ियों की सैलरी, घरेलू क्रिकेट और बुनियादी ढांचे की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं. साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान की स्थिति और कमजोर हो सकती है.

भारतीय टीम ने हाथ क्यों नहीं मिलाया?

जब इस मुद्दे पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ी स्पष्टता से कहा, "कुछ चीज़ें खेल भावना से ऊपर होती हैं." उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय केवल टीम का नहीं, बल्कि सरकार और BCCI दोनों के समर्थन से लिया गया था.सूर्यकुमार ने अपनी जीत को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों और भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित करते हुए कहा, "हम मैदान पर खेलने आए थे, और हमने वहीं जवाब दिया."

पाकिस्तान का अगला कदम क्या होगा?

अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि पाकिस्तान वाकई टूर्नामेंट का बहिष्कार करता है या नहीं. अगर वो ऐसा करता है, तो इसका असर सिर्फ उनके क्रिकेट बोर्ड पर नहीं, बल्कि एशिया कप की राजनीति और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की रणनीतियों पर भी पड़ेगा.

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया को मिला नया स्पॉन्सर, Apollo Tyres हर मैच में BCCI को देगा इतने करोड़