NPCIL Recruitment 2026: अगर आप इंजीनियरिंग के छात्र हैं और GATE स्कोर के साथ एक शानदार करियर की तलाश कर रहे हैं, तो न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) का एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पद आपके लिए एक बेहतरीन अवसर हो सकता है. NPCIL ने हाल ही में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पदों पर भर्ती निकाली है, जिसके लिए खासतौर पर इंजीनियरिंग डिग्री धारक और GATE परीक्षा में अच्छे स्कोर करने वाले उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा.
एनपीसीआईएल एग्जीक्यूटिव ट्रेनी भर्ती
इस भर्ती में विभिन्न इंजीनियरिंग ब्रांच जैसे कि मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन, केमिकल और सिविल इंजीनियरिंग के लिए पदों का ऐलान किया गया है. उम्मीदवारों को इन पदों पर आवेदन करने के लिए बी.ई./बी.टेक/बी.एससी (इंजीनियरिंग) या पांच साल के इंटीग्रेटेड एम.टेक डिग्री का होना जरूरी है. इसके साथ ही, उम्मीदवार को कम से कम 60% अंक प्राप्त होने चाहिए. ये डिग्री AICTE या UGC से मान्यता प्राप्त संस्थान से होनी चाहिए, तभी आवेदन मान्य माना जाएगा.
उम्र सीमा और आरक्षित वर्ग के लिए छूट
इस भर्ती में सामान्य और EWS उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 26 वर्ष निर्धारित की गई है. वहीं, अन्य आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी.
GATE स्कोर
इस भर्ती के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि उम्मीदवार के पास GATE (Graduate Aptitude Test in Engineering) का वैध स्कोर होना चाहिए. उम्मीदवार GATE-2024, GATE-2025 या GATE-2026 में से किसी एक परीक्षा का स्कोर लेकर आवेदन कर सकते हैं. सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवार का GATE स्कोर उसी ब्रांच में होना चाहिए, जिसमें उन्होंने अपनी डिग्री की है.
एग्जीक्यूटिव ट्रेनिंग के दौरान मिलेगा स्टाइपेंड
यदि आप इस पद के लिए चयनित होते हैं तो आपको ट्रेनिंग के दौरान 55,000 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड मिलेगा. इसके बाद, ट्रेनिंग पूरी होने पर उम्मीदवारों को साइंटिफिक ऑफिसर के पद पर नियुक्त किया जाएगा. इस पद पर शुरुआती बेसिक पे 56,100 रुपये (Level-10) होगा. इसके अलावा, डीए, एचआरए, परिवहन भत्ता और अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे. इन भत्तों के साथ, उम्मीदवार की कुल सैलरी 80,000 रुपये से 1,00,000 रुपये प्रति माह तक पहुंच सकती है.
आवेदन प्रक्रिया
एनपीसीआईएल में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों पर आवेदन करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार को npcilcareers.co.in की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां "Careers" या "Recruitment" सेक्शन में जाकर Executive Trainee 2026 का नोटिफिकेशन खोलें. अब "Apply Online" पर क्लिक करें और अपनी जानकारी भरें. सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म को सबमिट कर दें. आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद, फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर वह आपके पास हो.
ये भी पढ़ें: SSC सिलेक्शन पोस्ट भर्ती के लिए आवेदन शुरू, भरे जाएंगे 3 हजार से ज्यादा पद, जानें पूरी डिटेल्स