बस एक गलती और खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट, साइबर ठगों ने अपनाया फ्रॉड का नया पैंतरा, जानें क्या है SMS स्कैम

SMS Scam: देशभर में रोजाना ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ी कई घटनाएं सामने आती हैं. साइबर ठगी को अंजाम देने के लिए स्कैमर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. इन्हीं में से एक है SMS फ्रॉड , जोकि बेहद खतरनाक है और देश में तेजी से फैल रहा है. चलिए SMS फ्रॉड और इससे बचने के तरीकों के बारे में जानते हैं.

New SMS scam poses a major threat to phone users here s how to stay safe
Image Source: Freepik

SMS Scam: आज की डेट में स्मार्टफोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है. इसने कई मुश्किल कामों को आसान बना दिया है. हालांकि अब स्मार्टफोन का काम केवल बात करने तक सीमित नहीं है. इसमें हमारा पर्सनल डेटा और बैंकिंग डिटेल्स जैसी कई महत्वपूर्ण जानकारी सेफ रहती हैं. जैसे-जैसे स्मार्टफोन का यूज बढ़ रहा है, वैसे-वैसे साइबर ठग भी तेजी से अपने पैर पसार रहे हैं. देशभर में रोजाना ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ी कई घटनाएं सामने आती हैं. साइबर ठगी को अंजाम देने के लिए स्कैमर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. इन्हीं में से एक है SMS फ्रॉड , जोकि बेहद खतरनाक है और देश में तेजी से फैल रहा है. चलिए SMS फ्रॉड और इससे बचने के तरीकों के बारे में जानते हैं.  

क्या है SMS फ्रॉड? 

इसमें अपराधी आपके आसपास नकली मोबाइल टावर जैसा सिस्टम लगाकर फर्जी मैसेज भेजते हैं. ये मैसेज इतने असली लगते हैं कि लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं, खासकर बुजुर्ग या वे लोग जो बिना सोचे-समझे किसी भी लिंक पर क्लिक कर देते हैं. इस ठगी में अपराधी एक खास डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं, जिसे SMS ब्लास्टर या IMSI कैचर कहा जाता है. यह नकली मोबाइल टावर की तरह काम करता है और आसपास के असली नेटवर्क से ज्यादा ताकतवर सिग्नल भेजता है. ऐसे में आपका फोन असली टावर की बजाय उसी नकली नेटवर्क से जुड़ जाता है. 

करीब आधे किलोमीटर के दायरे में मौजूद फोन इसके जाल में फंस सकते हैं. कई बार ठग फोन को 4G या 5G से हटाकर 2G नेटवर्क पर ले जाते हैं, क्योंकि 2G कम सुरक्षित होता है और इसमें भेजने वाले की पहचान छुपाना आसान होता है. इसके बाद बिजली बिल, बैंक KYC, इनकम टैक्स, कुरियर या रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर मैसेज भेजकर तुरंत कार्रवाई का दबाव बनाया जाता है. इन मैसेज का मकसद आपको डराना या लालच देना होता है. जैसे ही आप लिंक खोलते हैं, आपसे OTP, पासवर्ड या बैंक डिटेल मांगी जाती है और छोटी सी गलती से आपका अकाउंट खाली हो सकता है. 

क्या है सेफ रहने का तरीका? 

ऐसे मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, इसलिए सतर्क रहना बहुत जरूरी है. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें और अगर शक हो तो सीधे संबंधित बैंक या कंपनी से संपर्क करें. आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा आपकी जागरूकता ही है.

ये भी पढ़ें: Oppo K14x 5G: लॉन्च हुआ एक और धाकड़ स्मार्टफोन, 6500mAh बैटरी से है लैस, जानें कीमत और फीचर्स