अंतरराष्ट्रीय राजनीति के मंच पर एक नई हलचल की संभावना जताई जा रही है. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की संभावित मुलाकात ने भारत सहित कई देशों का ध्यान खींचा है. हालांकि, नेताओं के बीच इस तरह की बैठकों को सामान्य प्रक्रिया माना जाता है, लेकिन इस बार खास बात यह है कि यह वार्ता न ढाका में होगी, न इस्लामाबाद में, बल्कि अमेरिकी धरती पर जहां संयुक्त राष्ट्र महासभा का वार्षिक सत्र होने जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद यूनुस 22 सितंबर को अमेरिका के लिए रवाना होंगे और 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान उनकी मुलाकात पाकिस्तान, नीदरलैंड और फिनलैंड के प्रधानमंत्रियों के अलावा संयुक्त राष्ट्र के कई वरिष्ठ अधिकारियों से भी तय मानी जा रही है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि शहबाज शरीफ और यूनुस के बीच किन मुद्दों पर बातचीत होगी, लेकिन यह समय और स्थान इस बैठक को एक अलग राजनीतिक संदर्भ दे रहे हैं.
भारत की चुप्पी, लेकिन चौकसी बरकरार
भारत की ओर से इस संभावित मुलाकात पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. मगर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई दिल्ली इस पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए है. भारत के लिए यह सिर्फ दो पड़ोसी देशों की मुलाकात नहीं, बल्कि एक रणनीतिक संकेत हो सकता है—खासकर तब, जब पाकिस्तान और अमेरिका के बीच समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं.कुछ विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के अमेरिका के प्रति झुकाव और पाकिस्तान के ट्रंप प्रशासन से नजदीकियों की पृष्ठभूमि में यह बैठक भारत के लिए चिंता का विषय हो सकती है.
रोहिंग्या संकट पर भी रहेगी नजर
बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने इस बात की पुष्टि की है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में म्यांमार में रोहिंग्या और अन्य अल्पसंख्यकों की स्थिति पर चर्चा होगी. बांग्लादेश इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय मंच पर सक्रिय है और उसे उम्मीद है कि इस बार कुछ ठोस नतीजे निकल सकते हैं.
राजनीतिक संकेतों से भरा अवसर
ऐसे समय में जब दक्षिण एशिया के कई देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में तनाव की स्थिति बनी हुई है, अमेरिका जैसे तटस्थ मंच पर दो अहम पड़ोसी देशों के नेताओं की मुलाकात को हल्के में नहीं लिया जा सकता. इस घटनाक्रम को लेकर भले ही भारत की ओर से कोई प्रतिक्रिया न आई हो, लेकिन रणनीतिक दृष्टिकोण से यह एक ऐसा घटनाक्रम है, जिस पर आने वाले समय में ज्यादा स्पष्टता देखने को मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में नहीं लौट पाएगी शेख हसीना की सरकार! इलेक्शन कमिशन के एक्शन के बाद गिरी गाज