उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, बांदा में 48 डिग्री पार; दिल्ली-एनसीआर में भी लू का रेड अलर्ट

Heatwave Alert Delhi NCR: देशभर में मई की भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ा रही है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक तेज धूप और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है.

Extreme heat havoc North India crossing 48 degrees Banda Red alert of heat wave in Delhi-NCR also
Image Source: ANI/ File

Heatwave Alert Delhi NCR: देशभर में मई की भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ा रही है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक तेज धूप और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि कुछ जगहों पर रिकॉर्ड स्तर की गर्मी दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद कम जताई है और कई राज्यों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का प्रकोप जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है. मंगलवार को दिल्ली में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया. दोपहर के समय चल रही लू ने हालात और ज्यादा कठिन बना दिए. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही. मौसम विभाग ने 20 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 25 मई तक लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. प्रशासन की ओर से लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है.

उत्तर भारत में हीटवेव का असर

दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भीषण गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है. विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है.

19 राज्यों में बारिश और आंधी का अनुमान

एक ओर उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर देखने को मिल सकता है. इसके चलते मौसम विभाग ने देश के 19 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है.

आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, औरैया, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है. लोगों को हाइड्रेटेड रहने और लंबे समय तक धूप में रहने से बचने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने को कहा गया है. बांदा जिले में मंगलवार को तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. इसे इस सीजन का नया रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है.

उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में बढ़ेगी गर्मी

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है. देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में 20 से 23 मई के बीच तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है.

हालांकि राज्य के कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. उत्तरकाशी और चमोली जैसे क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिससे मौसम कुछ हद तक सुहावना रहने की उम्मीद है.

राजस्थान में झुलसा देने वाली गर्मी

राजस्थान में गर्मी का कहर लगातार जारी है. कई जिलों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 22 मई के बीच 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी लू चल सकती है. राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. 

पिलानी और चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. पिछले 24 घंटों में चित्तौड़गढ़ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दो जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.

सरकार और मौसम विभाग की सलाह

तेज गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सरकार और मौसम विभाग लगातार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं. विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने, दोपहर में धूप से बचने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है. 

बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार कम हैं, जबकि कुछ राज्यों में आंधी और बारिश से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- डेढ़ साल बाद फिर मिल सकते हैं पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप, इस देश में हो सकती है मुलाकात; जानें इसके मायने