MP के युवाओं के लिए खुशखबरी! 19 हजार पदों पर होगी भर्ती, 5 महीने में होंगे 12 बड़े एग्जाम

MP ESB Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए साल 2026 का आखिरी हिस्सा बेहद अहम रहने वाला है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MP ESB) ने भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है.

MP-ESB-recruitment-calendar-2026-government-jobs-TET-exams
Image Source: Magnific

MP ESB Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए साल 2026 का आखिरी हिस्सा बेहद अहम रहने वाला है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MP ESB) ने भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसमें सितंबर से दिसंबर के बीच 12 बड़ी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं. इन परीक्षाओं के जरिए पुलिस, पंचायत, कृषि, इंजीनियरिंग समेत कई विभागों में कुल 19,062 पदों पर भर्ती की जाएगी. ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए परीक्षा कार्यक्रम पर नजर रखना बेहद जरूरी हो गया है.

सितंबर में कृषि और पंचायत से जुड़ी भर्तियां

सितंबर 2026 से भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला शुरू होगा. इस महीने ग्रुप-2 सब ग्रुप-1 के तहत कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके जरिए 2,784 पदों पर उम्मीदवारों का चयन होना है. इसी दौरान ग्रुप-2 सब ग्रुप-4 के अंतर्गत खंड पंचायत अधिकारी, पंचायत समन्वय अधिकारी, सहायक संपरीक्षक और अन्य समकक्ष पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित है. इस परीक्षा के माध्यम से 2,299 पद भरे जाएंगे.

उपयंत्री और SI भर्ती पर भी नजर

सितंबर से अक्टूबर के बीच ग्रुप-3 उपयंत्री, मानचित्रकार और प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती परीक्षा आयोजित की जानी है. इसके तहत 700 पदों पर भर्ती होगी. इसी अवधि में सूबेदार और उपनिरीक्षक यानी SI संवर्ग भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित है, जिसमें 507 पदों को भरा जाना है. इन परीक्षाओं के साथ शिक्षकों के लिए प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET 2026 भी सितंबर-अक्टूबर में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है.

अक्टूबर-नवंबर में पुलिस भर्ती की बड़ी परीक्षा

मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अक्टूबर और नवंबर के महीने काफी महत्वपूर्ण रहेंगे. इस दौरान सूबेदार, शीघ्रलेखक एवं सहायक उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है, जिसमें 566 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इसके अलावा पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा भी इसी अवधि में आयोजित होने वाली है. इस भर्ती में सबसे अधिक 7,500 पद रखे गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा.

नवंबर में ड्राइवर कांस्टेबल के 1000 पद

नवंबर 2026 में पुलिस आरक्षक चालक भर्ती परीक्षा आयोजित करने की योजना है. इस भर्ती के जरिए 1,000 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. पुलिस विभाग की इन भर्तियों को देखते हुए कांस्टेबल और ड्राइवर पदों की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आने वाले महीनों में अपनी रणनीति को और मजबूत करना महत्वपूर्ण होगा.

पंचायत और राजस्व विभाग में भी अवसर

नवंबर से दिसंबर के बीच नायब तहसीलदार विभागीय भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है, जिसके तहत 73 पदों को भरा जाएगा. इसी अवधि में पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक भर्ती परीक्षा भी आयोजित की जानी है. इस भर्ती के माध्यम से कुल 2,900 पदों पर उम्मीदवारों का चयन होगा. पंचायत और ग्रामीण प्रशासन से जुड़े पदों की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती खास अवसर लेकर आ सकती है.

दिसंबर में ग्रुप-6 समेत अन्य भर्तियां

भर्ती परीक्षाओं का यह सिलसिला दिसंबर में भी जारी रहेगा. इस महीने ग्रुप-6 सब ग्रुप-1 भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है, जिसके जरिए 700 पदों पर नियुक्तियां होंगी. इसके अलावा संस्कृति संचालनालय के तहत संचालित शासकीय संगीत एवं ललित कला महाविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए भी परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस भर्ती के जरिए 33 पद भरे जाने हैं. इस तरह साल के अंतिम महीनों में अलग-अलग योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए कई अवसर उपलब्ध होंगे.

1.50 लाख शिक्षकों के लिए TET का बड़ा अपडेट

MP ESB के संशोधित कैलेंडर के अनुसार सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच प्रस्तावित भर्तियों में कुल 19,062 पद शामिल हैं. इनमें पुलिस आरक्षक के 7,500 पद सबसे ज्यादा हैं. वहीं करीब 1.50 लाख शिक्षकों से जुड़ी TET परीक्षा भी सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इस परीक्षा की जिम्मेदारी MP ESB को दी गई है. कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने वाले उन शिक्षकों के लिए TET जरूरी होगा, जिन्हें संबंधित नियमों के तहत यह योग्यता पूरी करनी है. खास तौर पर ऐसे शिक्षक जिनकी सेवानिवृत्ति में पांच साल से अधिक समय बाकी है, उन्हें परीक्षा देनी होगी. आवेदन प्रक्रिया को लेकर जल्द आधिकारिक जानकारी जारी होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: SBI में क्लर्क बनने का मौका, 1538 पदों पर आज से शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन, जानें पूरी डिटेल