अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर देर रात बीएसएफ के जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को फायरिंग में मार गिराया. बताया जा रहा है कि संदिग्ध बॉर्डर फेंस के पास पहुंच गया था और चेतावनी के बाद भी पाकिस्तान की तरफ जाने वाली सीमा बाड़ की ओर बढ़ रहा था. खतरा महसूस होने पर जवानों ने गोली चलाई, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
यह घटना अमृतसर के घरिंडा थाना क्षेत्र के बीओपी डाओके इलाके में हुई. देर रात 181 बटालियन के जवान सीमा पर निगरानी कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें फेंस के पास एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी. जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार आगे बढ़ता रहा.
पहचान और मकसद की जांच
चेतावनी के बावजूद संदिग्ध भारतीय इलाके से पाकिस्तान की ओर जाने वाली बॉर्डर फेंसिंग की तरफ बढ़ता रहा. उसकी गतिविधियों से खतरा महसूस होने पर बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह कौन था और सीमा के इतने करीब पहुंचने के पीछे उसका मकसद क्या था.
गुरु नानक देव अस्पताल में रखा शव
घटना के बाद बीएसएफ जवानों ने मृतक और आसपास के इलाके की तलाशी ली. शुरुआती जांच में उसके पास से तंबाकू का एक पैकेट मिला है. उसके पास कोई और सामान था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
मृतक की पहचान और उसकी राष्ट्रीयता अभी साफ नहीं हुई है. घटना के बाद बीएसएफ और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है. फायरिंग में मारे गए संदिग्ध का शव अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में रखा गया है.
ये भी पढ़ें- Weather Today: असम से उत्तराखंड तक भारी बारिश का कहर, उफान पर गंगा-यमुना, IMD ने जारी किया अलर्ट