SBI Clerk Recruitment 2026: अगर आप बैंक में सरकारी नौकरी करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने क्लर्क के 1538 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक उम्मीदवार 7 अगस्त 2026 से 27 अगस्त 2026 तक SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
आयु सीमा और योग्यता
SBI क्लर्क भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए. आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट मिलेगी. ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष, एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी.
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना जरूरी है. इसके अलावा अन्य जरूरी पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा.
चयन कैसे होगा
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन दो चरणों की परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Exam) होगी. इसमें अंग्रेजी, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग से जुड़े 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो कुल 100 अंकों के होंगे. परीक्षा की अवधि 1 घंटे की होगी. गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी.
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Main Exam) के लिए बुलाया जाएगा. मुख्य परीक्षा में सामान्य और वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और कंप्यूटर से जुड़े 190 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो कुल 200 अंकों के होंगे.
आवेदन शुल्क
आवेदन करने के लिए ओबीसी, जनरल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है. जो उम्मीदवार SBI क्लर्क भर्ती 2026 में शामिल होना चाहते हैं, वे 27 अगस्त 2026 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
ये भी पढ़ें- 8000mAh बैटरी के साथ Redmi Note 17 5G लॉन्च, एक बार चार्ज करने पर 2.5 दिन तक नहीं आएगी चार्जर की याद