Chhath Puja Special Bus: छठ पर घर जानें की टेंशन खत्म, दिल्ली से बिहार के 6 शहरों के लिए चलेंगी 70 बसें

दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. दिल्ली सरकार जल्द ही बिहार सरकार के साथ एक समझौता करने जा रही है.

Chhath Puja Special 70 buses will run from Delhi to 6 cities in Bihar dtc
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Chhath Puja Special Bus: दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. दिल्ली सरकार जल्द ही बिहार सरकार के साथ एक समझौता करने जा रही है. इसके तहत दिल्ली से बिहार के छह बड़े शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, इस सेवा को इस साल छठ पूजा से पहले शुरू करने की तैयारी है.

इस बस सेवा से दिल्ली सीधे पटना, दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर से जुड़ेगी. यात्रियों को रास्ते में बस बदलने की जरूरत नहीं होगी और सफर भी आसान रहेगा.

शुरुआत में चलेंगी 70 बसें

दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, दिल्ली परिवहन निगम इस योजना के तहत कुल 149 बसें शामिल करने की तैयारी कर रहा है. पहले चरण में 70 बसें चलाई जाएंगी.

इन रूट पर सेमी-स्लीपर डीलक्स बसें चलेंगी. इनमें एसी और नॉन-एसी दोनों विकल्प होंगे. इससे दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बिहार के मजदूरों, छात्रों और परिवारों को त्योहार के समय बिहार जाने में आसानी होगी.

आनंद विहार बनेगा मुख्य बस अड्डा

बिहार के लिए बस सेवा शुरू करने के साथ ही बसों के संचालन की व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है. पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार में 13.5 मीटर चौड़ा नया बस टर्मिनल तैयार किया जा रहा है. इसे बिहार जाने वाली बसों का मुख्य केंद्र बनाया जाएगा.

आनंद विहार पहले से ही मेट्रो, रेलवे और बस सेवाओं का बड़ा केंद्र है. ऐसे में यहां से बिहार के लिए बसें चलने से यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी.

यूपी और हरियाणा के बाद बिहार तीसरा राज्य

अभी डीटीसी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लिए अंतर-राज्यीय बस सेवा चलाता है. बिहार के साथ समझौता होने के बाद बिहार तीसरा राज्य होगा, जहां डीटीसी अपनी बस सेवा का विस्तार करेगा.

अधिकारियों के मुताबिक, समझौता होने के बाद परमिट, किराया, बसों की संख्या और समय-सारणी जैसी चीजों को अंतिम रूप दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें- Weather Today: असम से उत्तराखंड तक भारी बारिश का कहर, उफान पर गंगा-यमुना, IMD ने जारी किया अलर्ट