Weather Today: असम से उत्तराखंड तक भारी बारिश का कहर, उफान पर गंगा-यमुना, IMD ने जारी किया अलर्ट

अल नीनो वाले साल में भी मानसून देश के कई हिस्सों में जमकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने 9 अगस्त 2026 को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है.

Weather Today Heavy rain wreaks havoc Ganga and Yamuna in spate IMD issues alert
Image Source: ANI

Weather Today: अल नीनो वाले साल में भी मानसून देश के कई हिस्सों में जमकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने 9 अगस्त 2026 को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, असम, बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट भी है.

पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश से गंगा, यमुना और सरयू समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. नेपाल में तेज बारिश का असर बिहार में भी दिख रहा है और कई नदियों का पानी बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.

बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी है. 9 अगस्त को मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मेघालय के साउथ गारो हिल्स और साउथ वेस्ट खासी हिल्स में, जबकि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, महासमुंद और मुंगेली में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.

मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, गुना, जबलपुर, मंडला, रायसेन, सागर, सिवनी, शहडोल, उमरिया और विदिशा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. उत्तराखंड के बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट है.

यहां भी भारी बारिश

IMD के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस सप्ताह कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. अगले दो दिनों में केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी तेज बारिश का अनुमान है.

8 अगस्त को ओडिशा, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश और केरल में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हुई. असम-मेघालय, पूर्वोत्तर के कई राज्यों, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी भारी बारिश दर्ज की गई.

नदियां उफान पर

ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश से उत्तर भारत की कई बड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. इससे नदी के किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है.

अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है. हालांकि, अभी पानी खतरे के निशान से नीचे है और अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

वाराणसी में भी गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है. कई घाट पानी में डूब गए हैं और बाढ़ का पानी कुछ मंदिरों तक पहुंच गया है.

दिल्ली में भी यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ रही है. ओखला बैराज और कालिंदी कुंज के पास यमुना तेज बहाव में है. एहतियात के तौर पर कालिंदी कुंज यमुना घाट पर नाव और लाइफ जैकेट के साथ एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है.

ये भी पढ़ें- जंग के बाद पहली बार दिखे मुज्तबा खामेनेई! मौत की खबरों के बीच आया 12 सेकंड का वीडियो, क्यों उठ रहे सवाल?