पीएम किसान की 24वीं किस्त से पहले कर लें ये जरूरी काम, वरना अटक सकता है पैसा!

PM Kisan Samman Nidhi Update: पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर साल आर्थिक मदद दी जाती है. इस योजना में किसानों को साल में 6,000 रुपये मिलते हैं.

Complete these essential tasks before the 24th installment of PM Kisan Yojana
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

PM Kisan Samman Nidhi Update: पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर साल आर्थिक मदद दी जाती है. इस योजना में किसानों को साल में 6,000 रुपये मिलते हैं. यह रकम 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी. 

इस दौरान करीब 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये भेजे गए थे. अब किसानों को 24वीं किस्त का इंतजार है. यह किस्त अगस्त से नवंबर 2026 के बीच आने की उम्मीद है. हालांकि, सरकार ने अभी इसकी पक्की तारीख नहीं बताई है. किस्त जारी होने से पहले किसानों को कुछ जरूरी काम पूरे कर लेने चाहिए. अगर इनमें से कोई काम अधूरा रह गया तो पैसे मिलने में परेशानी हो सकती है.

eKYC जरूर पूरी कर लें

पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए eKYC जरूरी है. सरकार ने इसे इसलिए अनिवार्य किया है, ताकि योजना का पैसा सही किसान के खाते में पहुंचे. अगर किसी किसान की eKYC अभी तक पूरी नहीं हुई है तो उसकी किस्त रुक सकती है. किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर eKYC करा सकते हैं. इसके अलावा पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर मोबाइल ओटीपी के जरिए भी यह काम किया जा सकता है.

आधार और बैंक खाते की जानकारी जांचें

किसानों को यह भी देख लेना चाहिए कि उनका आधार बैंक खाते से सही तरीके से जुड़ा हुआ है या नहीं. बैंक खाते की जानकारी में किसी तरह की गलती होने पर किस्त ट्रांसफर होने में दिक्कत आ सकती है. इसलिए किस्त आने से पहले बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी एक बार जरूर जांच लें.

जमीन के रिकॉर्ड में गलती न हो

पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए जमीन से जुड़े रिकॉर्ड का सही होना भी जरूरी है. अगर जमीन के कागजात में नाम, पता या दूसरी जानकारी गलत है तो किस्त अटक सकती है. किसान अपने राज्य के राजस्व विभाग या पीएम किसान पोर्टल पर जाकर जमीन से जुड़ी जानकारी जांच सकते हैं. अगर कोई गलती है तो उसे समय रहते ठीक करा लेना बेहतर है.

कुछ राज्यों में Farmer ID भी जरूरी

कई राज्यों में किसानों के लिए Farmer ID बनवाना भी जरूरी किया गया है. जिन राज्यों में यह नियम लागू है, वहां किसानों को अपनी Farmer ID जरूर बनवा लेनी चाहिए. अगर जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो अगली किस्त मिलने में परेशानी हो सकती है.

इसलिए किसानों को किस्त आने से पहले अपनी सभी जानकारी और जरूरी दस्तावेज एक बार जरूर जांच लेने चाहिए. किसान अपनी पीएम किसान किस्त का स्टेटस भी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. वहां आधार नंबर या मोबाइल नंबर की मदद से भुगतान की जानकारी चेक की जा सकती है.

ये भी पढ़ें- MP के युवाओं के लिए खुशखबरी! 19 हजार पदों पर होगी भर्ती, 5 महीने में होंगे 12 बड़े एग्जाम