भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने घुसपैठिये को किया ढेर

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने नाकाम कर दिया.

bsf-kills-pakistani-infiltrator-at-india-pak-border Amritsar
Image Source: Social Media

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने नाकाम कर दिया. अमृतसर के दाउके गांव में शनिवार सुबह कंटीली तार के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद जवानों ने सतर्कता बरती. झाड़ियों से बाहर आए एक व्यक्ति ने सीमा पर लगी तार को पार करने की कोशिश की. जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन जब वह आगे बढ़ता रहा तो BSF ने गोलीबारी कर उसे मौके पर ही ढेर कर दिया.

झाड़ियों में हलचल से सतर्क हुए सीमा प्रहरी

जानकारी के अनुसार, थाना घरिंडा के अंतर्गत आने वाले दाउके गांव के पास शनिवार सुबह BSF की बटालियन नियमित गश्त पर थी. इसी दौरान जवानों को कंटीली तार के नजदीक झाड़ियों में कुछ हलचल नजर आई. संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए जवानों ने आवाज लगाकर व्यक्ति को बाहर आने और अपनी जगह पर रुकने के लिए कहा. इसके बाद वह झाड़ियों से बाहर आया और सीमा पर लगी कंटीली तार को पार करने की दिशा में बढ़ने लगा.

चेतावनी के बावजूद बढ़ता रहा आगे

BSF जवानों ने संदिग्ध व्यक्ति को कई बार रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने जवानों की चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया और आगे बढ़ता रहा. स्थिति को गंभीर देखते हुए सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गोली चला दी, जिससे वह मौके पर ही ढेर हो गया. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई तथा पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई.

पहचान के लिए नहीं मिला कोई दस्तावेज

घटना की सूचना मिलते ही थाना घरिंडा पुलिस मौके पर पहुंची और BSF की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हो सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मृतक की पहचान तथा उसके सीमा क्षेत्र में पहुंचने के कारणों की जांच कर रही हैं.

ये भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा पर 20 दिन पहले लगी रोक, अब अगले साल ही होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन