Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो ने समय पर ट्रेन चलाने और भरोसेमंद सेवा के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है. साल 2026 में दिल्ली मेट्रो की 99.95 प्रतिशत ट्रेनें तय समय पर चलीं. खास बात यह है कि अगर ट्रेन 59 सेकंड से ज्यादा देर से अपने स्टेशन पर पहुंचती है तो उसे देरी माना जाता है. इतने सख्त नियम के बावजूद दिल्ली मेट्रो का प्रदर्शन दुनिया की कई बड़ी मेट्रो सेवाओं से बेहतर रहा है.
दिल्ली मेट्रो के मुताबिक, 2003 में ट्रेनों की समयबद्धता 98.27 प्रतिशत थी. 2005 में यह बढ़कर 99.64 प्रतिशत हो गई. शुरुआत के कुछ ही सालों में दिल्ली मेट्रो 99 प्रतिशत से ज्यादा समय पर चलने वाली चुनिंदा मेट्रो सेवाओं में शामिल हो गई थी. अब 2026 में यह आंकड़ा 99.95 प्रतिशत तक पहुंच गया है.
नेटवर्क बढ़ा, फिर भी समय की पाबंदी कायम
मेट्रो नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ संचालन और रखरखाव की चुनौतियां भी बढ़ती हैं. इसके बावजूद दिल्ली मेट्रो ने पिछले 23 सालों में अपनी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा है. नेटवर्क के लगातार विस्तार के बाद भी ट्रेनों के समय पर चलने का रिकॉर्ड बेहद अच्छा बना हुआ है.
पंक्चुअलिटी और विश्वसनीयता में दिल्ली मेट्रो ने दुनिया की अग्रणी मेट्रो प्रणालियों को पीछे छोड़ा
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) August 9, 2026
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने ट्रेन परिचालन की समयबद्धता (पंक्चुअलिटी) और विश्वसनीयता के मामले में हांगकांग मेट्रो, पेरिस मेट्रो और न्यूयॉर्क सबवे जैसी विश्व की कुछ सबसे…
दो ट्रेनों के बीच अंतर सिर्फ 2 मिनट 18 सेकंड
दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को ट्रेन के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता. शुरुआती दिनों में दो ट्रेनों के बीच करीब 7 मिनट का अंतर होता था. अब सबसे व्यस्त रूट पर यह अंतर घटकर सिर्फ 2 मिनट 18 सेकंड रह गया है. इससे यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में काफी मदद मिल रही है.
खराबी के मामले में भी शानदार रिकॉर्ड
दिल्ली मेट्रो की विश्वसनीयता भी काफी मजबूत है. किसी ट्रेन में ऐसी खराबी आने से पहले तय की गई औसत दूरी 27.2 लाख किलोमीटर तक पहुंच गई है, जिससे सेवा की मजबूती का अंदाजा लगाया जा सकता है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 45 बड़ी मेट्रो सेवाओं की तुलना करने वाली व्यवस्था के दो मिनट की देरी वाले मानक में दिल्ली मेट्रो लगातार दुनिया की शीर्ष 5 सबसे भरोसेमंद मेट्रो सेवाओं में शामिल रही है.
चालक रहित मेट्रो में भी आगे
दिल्ली मेट्रो भारत का सबसे बड़ा चालक रहित मेट्रो नेटवर्क भी चला रही है. इसके करीब 29 प्रतिशत नेटवर्क पर बिना चालक के ट्रेनें चल रही हैं.
71.55 किलोमीटर लंबी और 45 स्टेशनों वाली लाइन-7 दुनिया की सबसे लंबी चालक रहित मेट्रो लाइनों में शामिल है. यह दुनिया की सबसे लंबी गोलाकार मेट्रो लाइनों में भी गिनी जाती है.
8.4 किलोमीटर से 416.5 किलोमीटर तक पहुंचा नेटवर्क
दिल्ली मेट्रो ने 25 दिसंबर 2002 को शाहदरा से तीस हजारी के बीच सिर्फ 8.4 किलोमीटर लंबे रूट और 6 स्टेशनों के साथ शुरुआत की थी. आज यह भारत का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है.
फिलहाल दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 416.5 किलोमीटर तक फैल चुका है. इसमें 12 लाइनें और 303 स्टेशन हैं. इनमें 31 इंटरचेंज स्टेशन हैं, जो दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ते हैं.
एक दिन में 81 लाख से ज्यादा यात्रियों का रिकॉर्ड
दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ी है. शुरुआत के पहले साल रोजाना करीब 82 हजार यात्री यात्राएं होती थीं. वहीं 8 अगस्त 2025 को एक दिन में 81 लाख से ज्यादा यात्री यात्राओं का रिकॉर्ड बना.
फिलहाल दिल्ली मेट्रो में रोजाना औसतन 64.06 लाख यात्री यात्राएं हो रही हैं.
तकनीक और सुरक्षा पर भी जोर
नेटवर्क बढ़ाने के साथ दिल्ली मेट्रो ने तकनीक, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं पर भी लगातार काम किया है. बेहतर संचालन, नई तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल शहरी परिवहन के लिए दिल्ली मेट्रो को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं.
छोटी शुरुआत से दुनिया के बड़े नेटवर्क तक
सिर्फ 8.4 किलोमीटर से शुरू हुई दिल्ली मेट्रो आज 416.5 किलोमीटर के बड़े नेटवर्क में बदल चुकी है. समय की पाबंदी, भरोसेमंद सेवा, सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के दम पर दिल्ली मेट्रो ने दुनिया की प्रमुख मेट्रो सेवाओं में अपनी अलग पहचान बनाई है.
ये भी पढ़ें- भारत में डेटा सेंटर से बदलेगी शहरों की तस्वीर! पैदा होंगी लाखों नई नौकरियां, बढ़ेगी घरों की मांग