'ट्रॉफी चोर' मोहसिन नकवी की कुर्सी पर संकट? ACC चेयरमैन के पद से होने वाली है विदाई

Mohsin Naqvi ACC Tenure: एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर भारत और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के बीच बढ़ता विवाद अब मोहसिन नकवी के लिए भी मुश्किलें खड़ी करता नजर आ रहा है.

mohsin-naqvi-acc-chairman-future-asia-cup-trophy-controversy
Image Source: Social Media

Mohsin Naqvi ACC Tenure: एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर भारत और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के बीच बढ़ता विवाद अब मोहसिन नकवी के लिए भी मुश्किलें खड़ी करता नजर आ रहा है. पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने खिताब जीतने के बाद नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था और इस बार महिला एशिया कप में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. लगातार दो साल भारतीय विजेता टीमों को ट्रॉफी सौंपने की जिद अब नकवी के एसीसी अध्यक्ष पद के भविष्य पर सवाल खड़े कर रही है.

अप्रैल 2027 में खत्म होगा कार्यकाल

मोहसिन नकवी का एसीसी अध्यक्ष के तौर पर दो साल का कार्यकाल अप्रैल 2027 में पूरा होने वाला है. हालांकि नियमों में कार्यकाल बढ़ाने का रास्ता मौजूद है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें दोबारा समर्थन मिलना मुश्किल माना जा रहा है. खासतौर पर भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से नकवी के पक्ष में समर्थन मिलने की संभावना बेहद कम है.

भारत से टकराव पड़ सकता है भारी

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के खिलाफ नकवी के बयानों ने भारतीय क्रिकेट जगत में नाराजगी बढ़ाई थी. ऐसे में एसीसी के अगले अध्यक्ष के चुनाव में भारत की भूमिका बेहद अहम हो सकती है. सदस्य देशों के बीच समर्थन के समीकरण नकवी के खिलाफ जाते हैं तो उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद एसीसी की कमान किसी दूसरे देश के प्रतिनिधि को मिल सकती है.

रोटेशन से तय होता है अध्यक्ष

एशियन क्रिकेट काउंसिल का अध्यक्ष पद पांच फुल मेंबर देशों—भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान—के बीच रोटेशन के आधार पर तय होता है. आमतौर पर अध्यक्ष का कार्यकाल दो साल का होता है और कोई देश लगातार दो बार इस पद पर नहीं रह सकता. हालांकि सभी सदस्य देशों की सहमति से मौजूदा अध्यक्ष के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है.

जय शाह के बाद नकवी को मिली थी जिम्मेदारी

एसीसी की अध्यक्षता संभालने से पहले जय शाह करीब चार साल इस पद पर रहे थे. 30 जनवरी 2021 से 6 दिसंबर 2024 तक उनके कार्यकाल में दो साल का मूल कार्यकाल और दो एक-एक साल के एक्सटेंशन शामिल थे. इसके बाद श्रीलंका के शम्मी सिल्वा ने अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और अप्रैल 2025 में मोहसिन नकवी को दो साल के लिए एसीसी अध्यक्ष चुना गया. अब देखना होगा कि अप्रैल 2027 के बाद एसीसी की कमान किस देश के प्रतिनिधि के हाथ जाती है.

ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान के खिलाफ गरजा अभिषेक शर्मा का बल्ला, पहले टी20 में 3 बड़े रिकॉर्ड किए ध्वस्त