दलीप ट्रॉफी में मोहम्मद शमी का ऐतिहासिक कमाल, 2 विकेट लेते ही हासिल किया बड़ा मुकाम

मोहम्मद शमी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले ही दिन अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली. ईस्ट जोन की ओर से सेंट्रल जोन के खिलाफ मैदान पर उतरे शमी ने 2 विकेट लेते ही प्रोफेशनल क्रिकेट में अपने 900 विकेट पूरे कर लिए.

Mohammed Shami Completes 900 Professional Cricket Wickets
Image Source: ANI

मोहम्मद शमी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले ही दिन अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली. ईस्ट जोन की ओर से सेंट्रल जोन के खिलाफ मैदान पर उतरे शमी ने 2 विकेट लेते ही प्रोफेशनल क्रिकेट में अपने 900 विकेट पूरे कर लिए. इसके साथ ही वह फर्स्ट क्लास, लिस्ट ए और टी20 क्रिकेट को मिलाकर 900 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के सिर्फ छठे गेंदबाज बन गए. खास बात यह रही कि शमी ने यह मुकाम अपने 36वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले हासिल किया.

ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को 266 रन पर समेटा

दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. सेंट्रल जोन की पहली पारी 266 रन पर खत्म हुई. रिंकू सिंह ने 60 रनों की अहम पारी खेली, जबकि आर्यन जुयाल ने 46 रन बनाए. आर्यन को वैभव सूर्यवंशी के रिव्यू के बाद आउट दिया गया. दरअसल, अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दिया था, लेकिन कप्तानी संभाल रहे 15 वर्षीय वैभव ने रिव्यू लिया और फैसला ईस्ट जोन के पक्ष में गया. गेंदबाजी में मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि शमी और कुनैन कुरैशी को दो-दो सफलताएं मिलीं.

शमी ने 2 विकेट लेकर पूरा किया 900 का आंकड़ा

मोहम्मद शमी ने यश राठौड़ को आउट करके अपना पहला विकेट हासिल किया. इसके बाद उन्होंने अरशद खान को सिर्फ 1 रन पर पवेलियन भेज दिया. यह विकेट लेते ही शमी के प्रोफेशनल क्रिकेट में 900 विकेट पूरे हो गए. उनके नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 379, लिस्ट ए में 283 और टी20 क्रिकेट में 280 विकेट हैं. इस तरह तीनों फॉर्मेट को मिलाकर शमी के विकेटों की संख्या 900 हो गई और वह इस खास क्लब में शामिल होने वाले छठे भारतीय गेंदबाज बन गए.

36वें जन्मदिन से पहले हासिल की बड़ी उपलब्धि

मोहम्मद शमी 3 सितंबर को अपना 36वां जन्मदिन मनाएंगे. भारतीय टीम के लिए उन्होंने अब तक 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें क्रमशः 229, 206 और 27 विकेट उनके नाम हैं. वहीं, दलीप ट्रॉफी के इस मुकाबले में शमी आज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में खेल रहे हैं. ईस्ट जोन के नियमित कप्तान ईशान किशन चोट के कारण पहले दिन मैदान से बाहर चले गए, जिसके बाद उपकप्तान वैभव ने टीम की कमान संभाली. शमी की 900 विकेट वाली उपलब्धि ने इस मुकाबले के पहले दिन को उनके लिए खास बना दिया.

ये भी पढ़ें: 15 साल के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, आखिरी 3 सेकंड में DRS लेकर लूटी महफिल