Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से तो पहले ही क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया है, लेकिन अब कप्तानी में भी उनकी समझदारी की तारीफ हो रही है. दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में वैभव ने ऐसा रिव्यू लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दलीप ट्रॉफी 2026 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले आज से शुरू हो गए हैं. पहला सेमीफाइनल ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेला जा रहा है. ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इस मुकाबले में वैभव को कप्तानी का मौका मिला, क्योंकि टीम के नियमित कप्तान ईशान किशन चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए. वैभव को इस टीम में उपकप्तान बनाया गया था.
रिव्यू लेने से पहले गेंदबाज और विकेटकीपर से की बात
मुकेश कुमार के 40वें ओवर की दूसरी गेंद आर्यन जुयाल के ऑफ स्टंप के पास गई. बल्लेबाज गेंद को खेलने से चूक गए और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र ने कैच पकड़कर अपील की. हालांकि, अंपायर ने अपील को खारिज करते हुए बल्लेबाज को नॉट आउट दे दिया.
स्लिप में खड़े वैभव सूर्यवंशी को भी लगा कि आर्यन आउट हैं. लेकिन उन्होंने जल्दबाजी में रिव्यू नहीं लिया. पहले उन्होंने गेंदबाज मुकेश कुमार और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र से बात की. इसके बाद जब रिव्यू लेने के लिए सिर्फ 3 सेकंड बचे थे, तब वैभव ने डीआरएस का इशारा कर दिया.
Stand-in Captain Vaibhav Sooryavanshi goes for the review with 3 seconds remaining...and gets it right 👏
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) August 30, 2026
DRS done right as the set Aryan Juyal (46) is dismissed ✅
The celebrations say it all 🙌#DuleepTrophy pic.twitter.com/IwBQbr8hJQ
रिव्यू में साफ दिखा कि गेंद आर्यन जुयाल के बल्ले से लगकर विकेटकीपर के पास गई थी. इसके बाद थर्ड अंपायर ने मैदान पर दिए गए फैसले को बदल दिया और आर्यन को आउट करार दिया. आर्यन उस समय 46 रन बनाकर खेल रहे थे और उनका विकेट सेंट्रल जोन के लिए काफी अहम था. वह टीम के 99 रन के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए.
दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र के कप्तान बने वैभव
इस मुकाबले में कप्तानी संभालते ही वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी के इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया. वह इस टूर्नामेंट में कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं.
मैच की बात करें तो खबर लिखे जाने तक सेंट्रल जोन ने 68 ओवर में 8 विकेट खोकर 214 रन बना लिए थे. टीम की ओर से रिंकू सिंह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके लगाए. रिंकू को मुकेश कुमार ने आउट किया, जिन्होंने अब तक 3 विकेट हासिल किए हैं.
मोहम्मद कुनैन कुरैशी और अभिजीत सरकार को 2-2 विकेट मिले हैं. वैभव की कप्तानी में लिया गया रिव्यू सफल रहने के बाद उनकी समझदारी और सही समय पर फैसला लेने की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है.
ये भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ से बैंकिंग सिस्टम पर संकट, 11 बैंकों की 17 शाखाएं तबाह, पानी में बह गए अरबों रुपये!