Mirzapur The Movie: "मिर्जापुर द मूवी" की रिलीज डेट हुई पक्की, पर्दे पर पुराने अंदाज में मचाएगी तहलका

Mirzapur The Movie Release Date: जिस सीरीज़ ने ओटीटी की दुनिया में गालियां, गन और गद्दी की जंग को नई पहचान दी, अब वही ‘मिर्ज़ापुर’ सिनेमाघरों में तलहका मचाने आ रही है.

Mirzapur The Movie Release Date pankaj tripathi ali fazal
Image Source: Social Media

Mirzapur The Movie Release Date: जिस सीरीज़ ने ओटीटी की दुनिया में गालियां, गन और गद्दी की जंग को नई पहचान दी, अब वही ‘मिर्ज़ापुर’ सिनेमाघरों में तलहका मचाने आ रही है. लंबे समय से जिस ऐलान का इंतजार किया जा रहा था, उसे आज मेकर्स ने खत्म कर दिया है. ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ की रिलीज डेट सामने आ चुकी है और फैंस के बीच एक्साइटमेंट अपने चरम पर है.

चार सितंबर को होगी ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ रिलीज

मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ 4 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म उसी बेरहम, खूनी और सत्ता की भूखी दुनिया में ले जाएगी, जिसे दर्शक ओटीटी पर देख चुके हैं, लेकिन इस बार कहानी और ट्रीटमेंट कहीं ज्यादा बड़े पैमाने पर पेश किया जाएगा. बड़े पर्दे के लिए तैयार की गई इस फिल्म में भौकाल पहले से ज्यादा खतरनाक होने वाला है.

पोस्टर ने बढ़ाया सस्पेंस और जोश

रिलीज डेट के साथ फिल्म का दमदार पोस्टर भी सामने आया है. पोस्टर में रेगिस्तान की पृष्ठभूमि दिख रही है, जहां कई गाड़ियां तेज रफ्तार से दौड़ती नजर आती हैं. यह इशारा करता है कि फिल्म में टकराव, पीछा और हिंसा का स्तर और ऊपर जाने वाला है. पोस्टर के ऊपर लाल रंग में लिखा ‘मिर्ज़ापुर’ साफ बताता है कि कहानी में खून, सत्ता और बदले का वही पुराना खेल देखने को मिलेगा, जिसने सीरीज़ को सुपरहिट बनाया था.

मेकर्स का संदेश, सिनेमाघरों तक पहुंचाने की अपील

पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है कि अब मिर्ज़ापुर का भौकाल बड़े पर्दे पर देखा जाएगा. उन्होंने दर्शकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें और इस अनुभव को बड़े स्क्रीन पर महसूस करें. यह साफ है कि मेकर्स ओटीटी की सीमाओं से बाहर निकलकर मिर्ज़ापुर को सिनेमाई स्तर पर नई ऊंचाई देना चाहते हैं.

कालीन भैया की दुनिया फिर रचेगी खौफ

अगर कहानी की बात करें तो ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ की जड़ें उसी दुनिया में हैं, जहां अखंडानंद त्रिपाठी उर्फ कालीन भैया का राज चलता है. पूर्वांचल के मिर्ज़ापुर जिले में खुद को कानून से ऊपर समझने वाला यह किरदार सत्ता, पैसा और खौफ के दम पर अपनी हुकूमत चलाता है. बदले, वर्चस्व और खून से सनी यह कहानी पहले ही दर्शकों को अपनी गिरफ्त में ले चुकी है और अब फिल्म के रूप में इसका असर और गहरा होने वाला है.

पुराने चेहरों के साथ नए किरदारों की एंट्री

फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुगल और दिव्येंदु शर्मा अपने यादगार किरदारों में एक बार फिर नजर आएंगे. इनके अलावा जितेंद्र कुमार, सोनल चौहान और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. स्टार कास्ट का यह कॉम्बिनेशन कहानी को और ज्यादा मजबूत और दिलचस्प बनाने वाला है.

मजबूत टीम के हाथों में फिल्म की कमान

‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म एक एक्सल एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन है. जिस तरह से ओटीटी पर ‘मिर्ज़ापुर’ ने इतिहास रचा था, उसी तरह अब बड़े पर्दे पर भी यह फिल्म दर्शकों के बीच हलचल मचाने को तैयार है. 

ये भी पढ़ें: चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को नहीं मिली राहत, दिल्ली HC के आदेश के बाद तिहाड़ जेल में किया सरेंडर