'द राजा साब', 'किस किसको प्यार करू 2' से 'सल्वाडोर' तक... इस फ्राइडे OTT पर रिलीज होंगी कई फिल्में-सीरीज

अगर आपका वीकेंड प्लान घर पर आराम से बैठकर नई फिल्में और वेब सीरीज देखने का है, तो इस शुक्रवार ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो रहा कंटेंट आपके लिए परफेक्ट पैकेज लेकर आया है.

Many films-series will be released on OTT this Friday The Raja Saab
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

अगर आपका वीकेंड प्लान घर पर आराम से बैठकर नई फिल्में और वेब सीरीज देखने का है, तो इस शुक्रवार ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो रहा कंटेंट आपके लिए परफेक्ट पैकेज लेकर आया है. फैंटेसी-हॉरर कॉमेडी से लेकर रोमांटिक कॉमेडी, इंटरनेशनल एक्शन थ्रिलर, ऐतिहासिक ड्रामा और दमदार डॉक्यूमेंट्री तक, इस हफ्ते हर जॉनर के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ नया है.

आइए जानते हैं 6 फरवरी को अलग-अलग स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो रही फिल्मों और सीरीज की पूरी लिस्ट, ताकि आप अपनी वॉचलिस्ट अभी से तैयार कर सकें.

द राजा साब (तेलुगु फैंटेसी हॉरर-कॉमेडी) – जियो हॉटस्टार

प्रभास स्टारर द राजा साब एक अनोखे कॉम्बिनेशन वाली फिल्म है, जिसमें फैंटेसी, हॉरर और कॉमेडी का तड़का देखने को मिलेगा. कहानी राजू नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने बरसों पहले खो चुके दादा कनकराजु की तलाश में निकलता है. सफर के दौरान उसे पता चलता है कि उसके दादा जंगलों के बीच स्थित एक रहस्यमयी और भूतिया हवेली में रहते हैं. हवेली के रहस्यों, खतरनाक जालों और अनजानी शक्तियों के बीच राजू का सफर रोमांच से भर जाता है. यह फिल्म उन दर्शकों को पसंद आ सकती है, जिन्हें हल्के-फुल्के डर और एंटरटेनमेंट का मिक्स चाहिए.

किस किसको प्यार करू 2 (रोमांटिक कॉमेडी)

कपिल शर्मा की कॉमेडी स्टाइल के फैंस के लिए यह फिल्म हंसी का डोज लेकर आई है. कहानी मोहन शर्मा नाम के शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मुस्लिम गर्लफ्रेंड के परिवार को मनाने के लिए धर्म बदलने का फैसला कर लेता है. लेकिन हालात तब बिगड़ जाते हैं, जब गलतफहमियों और परिस्थितियों के चलते उसकी शादी अलग-अलग धर्मों की तीन महिलाओं से हो जाती है. इसके बाद उसकी जिंदगी में झूठ, अफरा-तफरी और हास्यास्पद स्थितियों की बाढ़ आ जाती है. जब एक पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले की जांच शुरू करता है, तो कॉमेडी और उलझनें और भी बढ़ जाती हैं. हल्की-फुल्की मनोरंजन वाली फिल्म देखने वालों के लिए यह एक मजेदार विकल्प है.

शबद: रीत और रिवाज़ (कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा) – ZEE5

यह कहानी एक ऐसे किशोर घुप्पी की है, जिसे हकलाने की समस्या है और जिसका सपना एक दिन बड़ा फुटबॉलर बनने का है. दूसरी ओर उसके पिता चाहते हैं कि वह परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रागी सिंगर बने. यह सीरीज पिता-बेटे के रिश्ते, पीढ़ियों के बीच सोच के फर्क और अपने सपनों को पाने की जद्दोजहद को भावनात्मक अंदाज में पेश करती है. यह उन दर्शकों को पसंद आएगी, जिन्हें संवेदनशील और प्रेरणादायक कहानियां देखना अच्छा लगता है.

सल्वाडोर (स्पेनिश एक्शन थ्रिलर) – नेटफ्लिक्स

स्पेनिश भाषा की यह थ्रिलर एक एम्बुलेंस ड्राइवर सल्वाडोर एगुइरे की कहानी दिखाती है, जिसकी जिंदगी उस वक्त बदल जाती है जब उसे पता चलता है कि उसकी बेटी एक कट्टरपंथी नियो-नाजी समूह का हिस्सा बन चुकी है. अपनी बेटी को उस खतरनाक रास्ते से निकालने के लिए सल्वाडोर खुद नफरत और कट्टरता से भरी दुनिया में उतरने का जोखिम उठाता है. यह फिल्म सामाजिक मुद्दों, भावनात्मक संघर्ष और एक्शन को साथ लेकर चलती है.

जैज सिटी (बंगाली हिस्टोरिकल थ्रिलर सीरीज) – सोनी लिव

1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की पृष्ठभूमि में बनी यह सीरीज जिमी नाम के एक चालाक शख्स की कहानी दिखाती है, जो अपने अतीत से भागने की कोशिश में अंतरराष्ट्रीय जासूसी और सत्ता के संघर्ष में फंस जाता है. कहानी का बड़ा हिस्सा कोलकाता के एक सीक्रेट अंडरग्राउंड जैज़ क्लब में आगे बढ़ता है, जहां संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि क्रांति का हिस्सा बन जाता है. 10 एपिसोड की यह सीरीज इतिहास, सस्पेंस और राजनीति का दिलचस्प मिश्रण पेश करती है.

क्वीन ऑफ चेस (डॉक्यूमेंट्री) – नेटफ्लिक्स

यह डॉक्यूमेंट्री शतरंज की दुनिया में क्रांति लाने वाली जूडिट पोल्गार की असाधारण यात्रा पर आधारित है. वह दुनिया की टॉप-10 रैंकिंग में पहुंचने वाली इकलौती महिला खिलाड़ी रही हैं. फिल्म में उनके संघर्ष, उनकी उपलब्धियां और गैरी कास्पारोव जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ उनकी ऐतिहासिक राइवलरी को आर्काइव फुटेज और इंटरव्यू के जरिए दिखाया गया है. यह डॉक्यूमेंट्री उन लोगों के लिए खास है, जिन्हें स्पोर्ट्स और इंस्पिरेशनल स्टोरीज़ पसंद हैं.

फाइंडिंग हार्मनी: ए किंग्स विजन (डॉक्यूमेंट्री)

केट विंसलेट की आवाज में नैरेट की गई यह डॉक्यूमेंट्री किंग चार्ल्स III के पर्यावरण संरक्षण के प्रति लंबे समय से चले आ रहे प्रयासों को सामने लाती है. अलग-अलग देशों में चल रही परियोजनाओं और दशकों की फुटेज के जरिए यह फिल्म दिखाती है कि किस तरह विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाना जरूरी है. पर्यावरण और प्रकृति से जुड़े विषयों में रुचि रखने वालों के लिए यह एक विचारोत्तेजक डॉक्यूमेंट्री साबित हो सकती है.

ये भी पढ़ें- Bharat Taxi: 30% सस्ता किराया और नो सर्ज प्राइसिंग, आज लॉन्च होगी 'भारत टैक्सी', ओला-उबर की छुट्टी!