Mirzapur The Movie Collection: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कमाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. कालीन भैया और मिर्जापुर यूनिवर्स के बाकी किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने पहुंचे दर्शकों ने फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स दिया है. पॉजिटिव रिव्यूज के बीच फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है. छठे दिन के शुरुआती आंकड़े भी फिल्म की रफ्तार बरकरार रहने की ओर इशारा कर रहे हैं.
छठे दिन भी जारी है कमाई का जलवा
सैकनिल्क के मुताबिक, रात साढ़े 8 बजे तक फिल्म ने करीब 6.89 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. इस दौरान फिल्म को 9,077 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी करीब 26 फीसदी रही. इन शुरुआती आंकड़ों के साथ फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 132.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
25 करोड़ की ओपनिंग से 130 करोड़ पार
‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी. इसके बाद दूसरे दिन 32 करोड़, तीसरे दिन 36 करोड़, चौथे दिन 16 करोड़ और पांचवें दिन 15.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया. फिल्म के हिंदी वर्जन ने अब तक 131.29 करोड़ रुपये, जबकि तेलुगू वर्जन ने 95 लाख रुपये कमाए हैं.
200 करोड़ क्लब पर नजर
फिल्म की कमाई सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है. रिलीज के पांच दिनों में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने दुनियाभर में 176.67 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था, जिसमें ओवरसीज मार्केट से 27 करोड़ रुपये शामिल हैं. मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के जल्द 200 करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद की जा रही है.
कई फिल्मों को छोड़ा पीछे
छठे दिन की कमाई में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने 2026 में रिलीज हुई कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ ने छठे दिन 6.15 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘कॉकटेल 2’ ने 5.25 करोड़ और ‘आवारापन 2’ ने 6.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल, रवि किशन, जीतेंद्र कुमार, रसिका दुग्गल और श्वेता त्रिपाठी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: न स्टार पावर, न भारी बजट... बॉक्स ऑफिस पर भक्ति की धूम, ‘हनुमान अंश’ समेत ये 5 फिल्में रहीं सुपरहिट