न स्टार पावर, न भारी बजट... बॉक्स ऑफिस पर भक्ति की धूम, ‘हनुमान अंश’ समेत ये 5 फिल्में रहीं सुपरहिट

आज के दौर में जब बड़े बजट और स्टार पावर को बॉक्स ऑफिस सफलता की गारंटी माना जाता है, वहीं डिवोशनल सिनेमा ने इस सोच को कई बार चुनौती दी है.

devotional-films-box-office-success-hanuman-ansh-collection
Image Source: Social Media

आज के दौर में जब बड़े बजट और स्टार पावर को बॉक्स ऑफिस सफलता की गारंटी माना जाता है, वहीं डिवोशनल सिनेमा ने इस सोच को कई बार चुनौती दी है. कम बजट में बनी धार्मिक और आध्यात्मिक फिल्मों ने दर्शकों के बीच ऐसी पकड़ बनाई कि कमाई के मामले में बड़े प्रोजेक्ट्स को भी पीछे छोड़ दिया. हालिया फिल्म ‘हनुमान अंश’ इसका ताजा उदाहरण बनकर सामने आई है.

‘हनुमान अंश’ ने मचाया धमाल 

नीम करौली बाबा पर आधारित ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार से सभी को हैरान कर दिया है. सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने 33वें दिन 10.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और अब तक 142.88 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस कर चुकी है. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 168.85 करोड़ रुपये बताया गया है. खास बात यह है कि करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म का मुनाफा बेहद शानदार रहा है.

ओपनिंग धीमी, लेकिन बाद में बदली तस्वीर

‘हनुमान अंश’ की शुरुआत महज 10 लाख रुपये की कमाई से हुई थी, लेकिन समय के साथ फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी जगह बना ली. पहले हफ्ते में फिल्म ने 1.08 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तीसरे और चौथे हफ्ते में इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और शोभिनव सत्या ने लीड रोल से एक्टिंग की शुरुआत की है. दिलचस्प बात यह है कि उन्हें यह भूमिका अचानक मिली थी, क्योंकि पहले चुने गए अभिनेता की तबीयत शूटिंग शुरू होने से पहले खराब हो गई थी.

‘लालो-कृष्ण सदा सहायते’ भी रही सुपरहिट

गुजराती सिनेमा की डिवोशनल फिल्म ‘लालो-कृष्ण सदा सहायते’ ने भी साबित किया कि मजबूत कहानी और भावनात्मक जुड़ाव के आगे बजट मायने नहीं रखता. फिल्म ने करीब 97.07 करोड़ रुपये का नेट और 114.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. दुनियाभर में फिल्म का कारोबार 122.25 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जबकि ओवरसीज मार्केट से 7.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई.

‘देऊल बंद 2’ ने भी दिखाया दम

मराठी फिल्म ‘देऊल बंद 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 74.35 करोड़ रुपये का नेट और 87.11 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. फिल्म का निर्देशन प्रवीण तरडे ने किया था. इस फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शाहरुख खान से भी जुड़ा है. डिजिटल सिनेमा पैकेज की लागत बढ़ने की जानकारी मिलने के बाद शाहरुख खान ने फिल्म के बारे में पूछा और फिल्म अच्छी होने की जानकारी मिलने पर अपनी कंपनी की फीस माफ करने का फैसला किया. इसका पहला पार्ट 2015 में रिलीज हुआ था.

‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘हनुमान’ ने भी रचा इतिहास

डिवोशनल सिनेमा की बड़ी सफलताओं में ‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘हनुमान’ का नाम भी शामिल है. एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ ने 251.30 करोड़ रुपये का नेट और 298.82 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 326.82 करोड़ रुपये तक पहुंची. वहीं 2024 में रिलीज हुई प्रशांत वर्मा की ‘हनुमान’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 201.91 करोड़ रुपये का नेट और 238.29 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 295.29 करोड़ रुपये रही.

डिवोशनल फिल्मों का बढ़ता क्रेज

इन फिल्मों की कमाई से साफ है कि धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियों के लिए दर्शकों के बीच मजबूत बाजार मौजूद है. खासकर ऐसी फिल्मों को परिवार और धार्मिक आस्था से जुड़े दर्शकों का समर्थन मिलता है, जिससे लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिके रहने का फायदा मिलता है. ‘हनुमान अंश’ से लेकर ‘हनुमान’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ तक, इन फिल्मों ने साबित किया है कि सही कहानी और दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव हो तो छोटा बजट भी बड़े बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में बदल सकता है.

ये भी पढ़ें: Drishyam 3 Trailer: इस बार दिमाग नहीं, नसीब का खेल! अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ का जबरदस्त ट्रेलर रिलीज