Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है. गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और कालीन भैया एक बार फिर पर्दे पर नजर आने वाले हैं. ट्रेलर और टीजर में इन किरदारों को देखकर फैन्स काफी खुश हैं.
फिल्म में इस बार कई नए चेहरे भी दिखाई देंगे. इनमें रवि किशन का नाम भी शामिल है. फिल्म में उनका किरदार कैसा होगा, इसे लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है. इसी बीच फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े सामने आए हैं, जो काफी अच्छे बताए जा रहे हैं.
एडवांस बुकिंग में बिके 1.34 लाख से ज्यादा टिकट
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने ब्लॉक सीटों को मिलाकर एडवांस बुकिंग से करीब 6.03 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. वहीं, ब्लॉक सीटों को हटाकर फिल्म की बुकिंग करीब 3.8 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
फिल्म के लिए अब तक 7,408 शो रखे गए हैं और करीब 1 लाख 34 हजार 370 टिकट बिक चुके हैं. बताया जा रहा है कि फिल्म का कुल बजट करीब 250 करोड़ रुपये है. वहीं, चर्चा है कि पंकज त्रिपाठी को फिल्म के लिए सबसे ज्यादा फीस मिली है, जो करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा कमाई
एडवांस बुकिंग के मामले में दिल्ली-एनसीआर फिल्म के लिए सबसे बड़ा बाजार बनकर सामने आया है. यहां से फिल्म ने करीब 1.18 करोड़ रुपये की बुकिंग कर ली है. इसके अलावा मुंबई से करीब 50 लाख रुपये, पुणे से 26 लाख रुपये और बेंगलुरु से करीब 21 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है.
अगर रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो 250 करोड़ रुपये का बजट निकालना इसके लिए बड़ी चुनौती नहीं होगी. ‘मिर्जापुर’ से जुड़े किरदारों की पहले से ही मजबूत फैन फॉलोइंग है. ऐसे में मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित के साथ बाकी किरदार भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकते हैं.
तीन सीजन के बाद अब बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और तीनों को दर्शकों का खूब प्यार मिला है. पहला सीजन 16 नवंबर 2018 को रिलीज हुआ था. इसके बाद दूसरा सीजन 23 अक्टूबर 2020 और तीसरा सीजन 5 जुलाई 2024 को आया.
अब कहानी बड़े पर्दे पर पहुंच रही है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सीरीज से कितनी अलग होगी. साथ ही यह भी देखना होगा कि नए किरदार और बड़े पर्दे का फॉर्मेट दर्शकों को कितना पसंद आता है.
ये भी पढे़ं- रोहित, विराट के करियर से लेकर वर्ल्ड कप की प्लानिंग तक... आज BCCI की मीटिंग में इन मुद्दों पर होगी चर्चा