Iran US War: ईरान में सोमवार को एक बार फिर धमाकों की खबर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, बंदर अब्बास और केशम पोर्ट के पास दिन में दूसरी बार विस्फोट हुए हैं. ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, इन धमाकों के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है.
पहले भी हुए थे मिसाइल हमले
इससे पहले ईरानी मीडिया IRIB ने बताया था कि मशहर, जस्क, सिरिक, बंदर अब्बास और केशम पोर्ट को मिसाइलों से निशाना बनाया गया था. हालांकि, ताजा हमलों में कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
हमलों में जान-माल का नुकसान
मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में देश के दक्षिणी तटीय इलाकों पर हुए हमलों में कई मछुआरों और सुरक्षा बलों के जवानों की मौत हुई है.
ईरान का जवाबी हमला
रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों के जवाब में ईरान ने जॉर्डन, ओमान, बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. दावा किया गया है कि फ्यूल डिपो, गोला-बारूद के बंकर, पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन कंट्रोल सेंटर पर हमला किया गया.
IRGC का दावा
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि ये कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में की गई. IRGC के मुताबिक, पहले चरण में जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया, जहां मिसाइल डिपो और फ्यूल स्टोरेज को निशाना बनाया गया.
बहरीन के अमेरिकी बेस पर भी हमला
IRGC ने यह भी दावा किया कि दूसरे चरण में बहरीन के शेख ईसा स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमला किया गया. इसमें हेलीकॉप्टर मेंटेनेंस सेंटर, P-8 विमान के हैंगर और ड्रोन कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया. हालांकि, ईरान और IRGC की ओर से किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है. दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- मौत अचानक आएगी... ईरान के निशाने पर ट्रंप, नेतन्याहू, मेलोनी समेत दुनिया के 13 नेता, जारी की किल लिस्ट