दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस से कब मिलेगी राहत? बारिश को लेकर IMD ने दिया बड़ा अपडेट

Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की संभावना कम है. मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

When will Delhi-NCR get relief from the heat and humidity IMD issues a major update on rain
Image Source: ANI/ File

Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की संभावना कम है. मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ जगहों पर हवा के झोंकों की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

14 और 15 जुलाई को बारिश और बिजली गिरने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, 14 और 15 जुलाई को दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. हालांकि, बारिश के बावजूद 15 जुलाई को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है.

रविवार को छाए रहेंगे आंशिक बादल

मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत दर्ज की गई.

जुलाई के शुरुआती दिनों में सामान्य से ज्यादा बारिश

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जुलाई के पहले 10 दिनों में दिल्ली में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. इस साल मानसून दिल्ली में सामान्य तारीख 27 जून की जगह 2 जुलाई को पहुंचा था. सफदरजंग मौसम केंद्र में इस अवधि के दौरान सामान्य बारिश 52.6 मिलीमीटर के मुकाबले 132.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. यह बारिश सामान्य से करीब 151 प्रतिशत ज्यादा है.

दिल्ली की हवा फिर खराब श्रेणी में पहुंची

इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी चिंता का कारण बनी हुई है. रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 235 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. इससे एक दिन पहले शनिवार को AQI 140 था और हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में थी.

वायु गुणवत्ता सूचकांक में 0 से 50 के बीच का स्तर अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: पहले कभी नहीं बढ़ी इतनी ज्यादा सैलरी! कर्मचारियों की कमाई में होगी रिकॉर्ड बढ़ोतरी?