Monsoon 2026: जुलाई के पहले हफ्ते में कई राज्यों में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. लेकिन दूसरे हफ्ते में मौसम बदल गया. पिछले तीन दिनों से मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और आसपास के कई इलाकों में बारिश रुक गई है. इसके कारण फिर से उमस और गर्मी बढ़ने लगी है.
मॉनसून धीमा पड़ने की दो बड़ी वजह
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं.
पहला कारण मॉनसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव है. मॉनसून ट्रफ कम दबाव वाला एक क्षेत्र होता है, जो बारिश कराने में अहम भूमिका निभाता है. फिलहाल यह अपनी सामान्य जगह से हटकर उत्तर की ओर चला गया है. इसकी वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश कम हो गई है.
दूसरा कारण बंगाल की खाड़ी में किसी मजबूत मौसम सिस्टम का सक्रिय न होना है. अभी वहां न तो कम दबाव का क्षेत्र बना है और न ही कोई चक्रवाती सिस्टम. ऐसे में मॉनसूनी हवाओं को ताकत नहीं मिल रही, जिससे बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 12, 2026
मुख्य बिंदु
(i) पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल एवं बिहार में अगले 2–3 दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 4–5 दिनों तक कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मेघालय में आज, 12 जुलाई 2026 को… pic.twitter.com/epEqhGZrGw
किन राज्यों में सबसे ज्यादा असर?
मॉनसून की इस सुस्ती का असर उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं हुई है. तेज धूप और ज्यादा नमी की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में अभी भी अच्छी बारिश जारी है.
खेती पर भी पड़ रहा असर
बारिश रुकने का असर किसानों पर भी दिखाई देने लगा है. मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई खेती वाले इलाकों में पिछले तीन दिनों से तेज धूप निकल रही है.
जून में कम बारिश हुई थी, लेकिन जुलाई के पहले हफ्ते की अच्छी बारिश से हालात कुछ बेहतर हुए थे. अब मॉनसून की रफ्तार धीमी होने से किसानों की चिंता फिर बढ़ गई है. इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 जुलाई को किसान संगठनों के साथ बैठक करेंगे.
फिर कब होगी तेज बारिश?
मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है. आईएमडी के मुताबिक, मॉनसून का यह ब्रेक ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगा. अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून ट्रफ फिर से दक्षिण की ओर लौट सकता है. इसके बाद कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती सिस्टम बनने के संकेत भी मिल रहे हैं. अगर यह सिस्टम सक्रिय होता है, तो हवाओं में नमी बढ़ेगी और अगले 48 से 72 घंटों के दौरान उत्तर भारत समेत कई मैदानी इलाकों में फिर से अच्छी और तेज बारिश शुरू हो सकती है. यानी जल्द ही लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में गायों की कुर्बानी पर रोक नहीं... सुप्रीम कोर्ट में विजय सरकार की बड़ी जीत! जानें मामला