Train Ticket Rule: अब नहीं चलेगा व्हाट्सऐप या स्क्रीनशॉट वाला टिकट, रेल यात्रा से पहले जान लें नया नियम

अगर आप ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर करते हैं और टिकट का स्क्रीनशॉट या व्हाट्सऐप पर भेजा गया टिकट दिखाते हैं, तो अब सावधान हो जाइए.

Indian Railway Whatsapp Ticket Screenshot Not Valid Rail One App Rules
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Train Ticket Rule: अगर आप ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर करते हैं और टिकट का स्क्रीनशॉट या व्हाट्सऐप पर भेजा गया टिकट दिखाते हैं, तो अब सावधान हो जाइए. रेलवे ने साफ किया है कि जांच के समय केवल रेल वन (Rail One) ऐप में दिखने वाला ओरिजिनल डिजिटल टिकट ही मान्य होगा. स्क्रीनशॉट, फोटो, पीडीएफ या व्हाट्सऐप पर भेजा गया टिकट स्वीकार नहीं किया जाएगा. ऐसा करने पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है.

क्या हैं नए नियम?

रेलवे के मुताबिक, जनरल (अनारक्षित) डिजिटल टिकट उसी मोबाइल फोन में होना चाहिए, जिससे टिकट बुक किया गया है. यात्रा के दौरान वही मोबाइल और एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना जरूरी होगा.

इसके अलावा, ट्रेन स्टेशन से रवाना होने से पहले ही टिकट बुक करना होगा. अगर ट्रेन चलने के बाद टिकट खरीदा जाता है, तो उसे मान्य नहीं माना जाएगा.

रेलवे ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी देते हुए बताया कि रेल वन ऐप से बुक किया गया अनारक्षित टिकट सिर्फ उसी रजिस्टर्ड मोबाइल पर वैध होगा, जिससे टिकट खरीदा गया है. व्हाट्सऐप, स्क्रीनशॉट या किसी अन्य माध्यम से दिखाया गया टिकट मान्य नहीं होगा.

नियम पर लोगों ने जताई नाराजगी

रेलवे के इस नियम के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि इससे सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और उन यात्रियों को होगी, जो खुद मोबाइल ऐप इस्तेमाल नहीं कर पाते और परिवार के किसी सदस्य से टिकट बुक करवाते हैं.

कुछ लोगों का कहना है कि अगर यात्री के पास वैध पहचान पत्र है, तो स्क्रीनशॉट या व्हाट्सऐप पर मौजूद टिकट को भी स्वीकार किया जाना चाहिए. वहीं कुछ लोगों ने रेलवे से इस नियम पर दोबारा विचार करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: पहले कभी नहीं बढ़ी इतनी ज्यादा सैलरी! कर्मचारियों की कमाई में होगी रिकॉर्ड बढ़ोतरी?