Middle East Unrest: सऊदी अरब, कतर, इजरायल और UAE जाने वाली सभी उड़ानें रद्द, एअर इंडिया की एडवाइजरी

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक हवाई यात्रा पर साफ नजर आने लगा है.

Middle East Unrest air india All flights going to These Country canceled
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Middle East Unrest: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक हवाई यात्रा पर साफ नजर आने लगा है. एअर इंडिया ने बड़ा कदम उठाते हुए संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए अपनी सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. यह फैसला अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में बिगड़े हालात को देखते हुए लिया गया है.

कई देशों ने बंद किया एयरस्पेस

मौजूदा हालात में पश्चिम एशिया के कई देशों ने अपने एयरस्पेस को आंशिक या पूर्ण रूप से बंद कर दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है. एयर इंडिया ने बताया कि वह वैकल्पिक हवाई मार्गों का इस्तेमाल करते हुए नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के लिए अपनी कुछ उड़ानों का संचालन जारी रखेगी, ताकि यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह बाधित न हो.

2 मार्च तक निलंबित रहेंगी उड़ानें

एयरलाइन के अनुसार, 2 मार्च को रात 11:59 बजे (भारतीय समयानुसार) तक संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें निलंबित रहेंगी. यह कदम यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.

आज ये उड़ानें रहेंगी रद्द

एयर इंडिया ने जानकारी दी कि सोमवार (2 मार्च) को यूरोप के लिए संचालित होने वाली छह उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं. इनमें शामिल हैं:

  • अमृतसर से बर्मिंघम जाने वाली फ्लाइट AI 117
  • बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI 114
  • दिल्ली-ज़्यूरिख के बीच AI 151 और AI 152
  • दिल्ली-कोपेनहेगन के बीच AI 157 और AI 158

इसके अलावा, एयरलाइन ने रविवार को भी करीब 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

एयर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है. प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल के जरिए अपडेट भेजे जा रहे हैं. साथ ही, री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है.

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या 24×7 कस्टमर केयर से संपर्क करें.

इसी बीच IndiGo ने भी बयान जारी कर कहा है कि वह मिडिल ईस्ट और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. कंपनी ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि हर निर्णय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही लिया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- ईरान जंग में हिजबुल्लाह की एंट्री, इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन से किया हमला, खामेनेई की मौत का लेगा बदला!