समझौता नहीं हो पाता है तो... ईरान को ट्रंप की आखिरी अल्टीमेटम, होर्मुज स्ट्रेट पर दे दिया बड़ा ऐलान

Amrica Israel Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका की ओर से ईरान को लेकर सख्त रुख सामने आया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक कड़ा बयान दिया है, जिससे क्षेत्रीय हालात और ज्यादा संवेदनशील हो गए हैं.

middile east war Trump last ultimatum to Iran big announcement given on Hormuz Strait
Image Source: Social Media

Amrica Israel Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका की ओर से ईरान को लेकर सख्त रुख सामने आया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक कड़ा बयान दिया है, जिससे क्षेत्रीय हालात और ज्यादा संवेदनशील हो गए हैं.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए साफ चेतावनी दी कि अगर यह अहम समुद्री रास्ता व्यापार के लिए नहीं खोला गया, तो अमेरिका कड़े सैन्य कदम उठा सकता है.

ट्रंप का कड़ा संदेश, बातचीत भी जारी

अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान में एक “नई और समझदार सरकार” के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है, ताकि मौजूदा सैन्य टकराव को खत्म किया जा सके. उन्होंने दावा किया कि इस दिशा में कुछ प्रगति भी हुई है और बातचीत आगे बढ़ रही है.

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अगर किसी वजह से समझौता नहीं हो पाता है और होर्मुज जलडमरूमध्य को व्यापार के लिए तुरंत नहीं खोला जाता है, तो अमेरिका सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा.

ऊर्जा ठिकानों पर हमले की चेतावनी

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका ईरान के महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बना सकता है. इनमें बिजली उत्पादन केंद्र, तेल के कुएं और Kharg Island जैसे रणनीतिक स्थान शामिल हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अब तक इन ठिकानों को जानबूझकर निशाना नहीं बनाया गया है, लेकिन हालात बिगड़ने पर इन पर कार्रवाई की जा सकती है.

पुराने हमलों का जिक्र, बदले की बात

ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि अगर कार्रवाई होती है, तो यह उन अमेरिकी सैनिकों के लिए जवाब होगा, जो उनके मुताबिक पिछले कई दशकों में ईरान से जुड़े हमलों में मारे गए. उन्होंने ईरान के पिछले शासन को “आतंकी गतिविधियों से जुड़ा” बताते हुए कहा कि अमेरिका अपने नागरिकों और सैनिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा.

क्यों अहम है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है. यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचता है. इस मार्ग पर किसी भी तरह की रुकावट का असर सीधे वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर पड़ता है. यही वजह है कि इस इलाके में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बन गया है.

बढ़ सकता है वैश्विक तनाव

ट्रंप के इस बयान के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात काबू में नहीं आए, तो इसका असर सिर्फ क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी पड़ सकता है. फिलहाल दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत किस दिशा में जाती है और क्या यह संकट टल पाता है या नहीं.

ये भी पढ़ें- अमेरिका में शुरू हुआ 'नो किंग्स' प्रोटेस्ट, ट्रंप के खिलाफ सड़कों पर उतरे लाखों लोग, क्या है मांगें?