Kalkaji Restaurant Fire: दक्षिण दिल्ली के कालकाजी क्षेत्र में रविवार सुबह एक रेस्टोरेंट में लगी आग से इलाके में हड़कंप मच गया. गोविंदपुरी फ्लाईओवर के नजदीक स्थित 'पंजाबी तड़का' नामक रेस्टोरेंट में सुबह करीब 4:45 बजे आग लगने की सूचना मिली. देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद दमकल विभाग को तत्काल मौके पर बुलाया गया.
आग लगने के दौरान रेस्टोरेंट में रखे तीन एलपीजी सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके हुए. विस्फोटों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने सुबह 5:05 बजे इसे गंभीर श्रेणी की घटना घोषित कर अतिरिक्त संसाधन मौके पर भेजे.
दमकल कर्मियों ने घंटों की मेहनत के बाद पाया काबू
आग बुझाने के लिए दिल्ली फायर सर्विस की कुल नौ दमकल गाड़ियों को लगाया गया. दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका. कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया.
बुजुर्ग महिला को सुरक्षित निकाला गया
राहत और बचाव कार्य के दौरान इमारत के भीतर मौजूद एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अधिकारियों के अनुसार इस घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है. आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
राजधानी में बढ़ रही आग की घटनाएं
दिल्ली में हाल के दिनों में होटल और रेस्टोरेंट में आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं. कुछ समय पहले मालवीय नगर क्षेत्र के एक होटल के बेसमेंट में भी भीषण आग लगी थी. उस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे. मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल थे. ऐसे मामलों के बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- बिहार पुलिस परीक्षा से पहले पटना में छात्रों का हंगामा, पाटलिपुत्र स्टेशन पर पथराव और तोड़फोड़