Patna Student Protest: बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा से पहले रविवार सुबह पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. ट्रेन के निर्धारित समय से देरी से चलने पर नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हो गया.
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में परीक्षा अभ्यर्थी विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे थे. ट्रेन लेट होने के कारण समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने को लेकर चिंता बढ़ गई. इसके बाद कई छात्रों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ट्रैक पर बैठकर विरोध जताया. इस दौरान कुछ ट्रेनों को रोकना पड़ा, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा.
मौके पर पहुंची रेलवे और पुलिस टीम
स्थिति की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने और ट्रैक खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआती दौर में प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए. इस दौरान तनावपूर्ण माहौल भी देखने को मिला.
पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की सूचना
घटनाक्रम के दौरान कुछ स्थानों पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आने की बात कही गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए. कुछ थाना प्रभारियों और सुरक्षा कर्मियों को भी चोटें आने की सूचना है. स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालात काबू करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष टीमों को बुलाया गया. प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. इसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारी ट्रैक और स्टेशन परिसर से हटने लगे, जिससे प्रशासन को हालात सामान्य करने में मदद मिली.
धीरे-धीरे बहाल हो रही रेल सेवाएं
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया. क्षति का आकलन करने के साथ ही रेल परिचालन को सामान्य बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. हालांकि इस घटनाक्रम के कारण राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की आवाजाही घंटों प्रभावित रही.
ये भी पढ़ें- 'आतंकवाद के आकाओं को नहीं मिलेगा सिंधु नदी का पानी', राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दे दिया सीधा जवाब