Ajab Gazab UP Viral Video: कई बार असल ज़िंदगी की घटनाएं फिल्मों को भी पीछे छोड़ देती हैं. उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सामने आया एक ऐसा ही मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां किसी फिल्म की शूटिंग नहीं चल रही थी, बल्कि गांव की पानी की टंकी पर चढ़ा एक शख्स अपनी जिंदगी की परेशानी को लेकर ऐसा हंगामा करने लगा कि देखने वालों की भीड़ जमा हो गई और वीडियो इंटरनेट पर छा गया.
यह मामला बदायूं के पिनौनी गांव का है, जहां हर प्रसाद मौर्य नाम का व्यक्ति अचानक करीब 30 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया. नीचे खड़े ग्रामीण पहले तो घबरा गए कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए, लेकिन जैसे-जैसे ऊपर से आवाजें आने लगीं, डर के साथ-साथ हैरानी और हंसी का माहौल भी बनने लगा.
टंकी से गूंजती मांग: ‘मुझे दूसरी पत्नी चाहिए’
टंकी के ऊपर बैठा हर प्रसाद जोर-जोर से अपनी फरियाद सुना रहा था. उसका कहना था कि उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है और अब घर में उसके काम करने वाला कोई नहीं है. वह बार-बार यही दोहराता रहा कि बिना पत्नी के कपड़े कौन धोएगा, खाना कौन बनाएगा और अगर सबके घर में बीवी है तो उसे भी दूसरी शादी का हक मिलना चाहिए. उसकी बातें सुनकर कुछ लोग परेशान थे तो कई लोग खुद को हंसने से रोक नहीं पा रहे थे.
यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर @JtrahulSaini नाम के हैंडल से शेयर किया गया, जिसके बाद देखते ही देखते यह वायरल हो गया. गांव में करीब आधे घंटे तक यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. हर प्रसाद कभी टंकी से कूदने की धमकी देता, तो कभी अपनी तकलीफ गिनाने लगता. ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, कोई मजाक में वॉशिंग मशीन लेने की सलाह देता तो कोई समझाने की कोशिश करता, लेकिन वह टंकी से उतरने को तैयार नहीं था.
पुलिस की समझाइश, तब जाकर उतरा नीचे
आखिरकार गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना सख्ती दिखाए प्यार और समझाइश से बात की. काफी देर की बातचीत और भरोसे के बाद हर प्रसाद टंकी से नीचे उतरा, तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली. बाद में परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं है और यह हरकत उसने अचानक कर दी थी. इसी वजह से पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया और उसे परिवार के हवाले कर दिया.
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन भी जमकर आए. किसी ने उसे ‘बदायूं का वीरू’ कहा तो किसी ने लिखा, ‘दूसरी बीवी की डिमांड, टंकी टॉप से’. कई यूजर्स ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, लेकिन कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में हंसी से ज्यादा मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है. उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति इस तरह का व्यवहार कर रहा है, तो परिवार और समाज को मिलकर उसकी मदद करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: मोनालीसा के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई दातुन वाली, लोगों को सुनाई इमोशनल स्टोरी