हिज्बुल्लाह पर IDF ने बरपाया कहर, इजरायल ने किया ईरान के करीबी पर भीषण हमला, अहम ठिकाने तबाह

IDF Attack On Hezbollah Tunnels: इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने दक्षिण लेबनान के ब्यूफोर्ट रिज इलाके में हिज्बुल्लाह के बड़े अंडरग्राउंड सुरंग नेटवर्क को नष्ट कर दिया है.

Major Israeli operation in southern Lebanon several Hezbollah underground tunnels destroyed
Image Source: Social Media

IDF Attack On Hezbollah Tunnels: इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने दक्षिण लेबनान के ब्यूफोर्ट रिज इलाके में हिज्बुल्लाह के बड़े अंडरग्राउंड सुरंग नेटवर्क को नष्ट कर दिया है. सेना के अनुसार, यह कार्रवाई सुरक्षा क्षेत्र में सीमित सैन्य अभियान के दौरान की गई. यह ऑपरेशन ऐसे समय हुआ है, जब अगले महीने इटली की राजधानी रोम में अमेरिका की मध्यस्थता से इजरायल और लेबनान के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना है.

हिज्बुल्लाह का अहम कमांड सेंटर था

इजरायली सेना का कहना है कि ये सुरंगें हिज्बुल्लाह के बड़े कमांड सेंटर के रूप में इस्तेमाल की जाती थीं. यहीं से संगठन के कमांडर अपने लड़ाकों को निर्देश देते थे और इजरायली सेना व नागरिकों पर हमलों की योजना बनाई जाती थी. IDF के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए कई सैन्य गतिविधियों को संचालित किया जाता था और इसे लंबे समय से इस्तेमाल किया जा रहा था.

दो दशक में तैयार हुआ सुरंगों का नेटवर्क

इजरायली सेना ने बताया कि यह अंडरग्राउंड नेटवर्क कई स्तरों में बना हुआ था और इसे तैयार करने में करीब 20 साल लगे. सेना का दावा है कि इसकी योजना और आर्थिक मदद ईरान की ओर से की गई थी.

IDF के अनुसार, यह नेटवर्क दक्षिण लेबनान में हिज्बुल्लाह की 'बदर यूनिट' के मुख्य ठिकाने के रूप में काम करता था. इसकी लोकेशन उत्तरी इजरायल के मेटुला और गैलिली पैनहैंडल इलाके से करीब 6 किलोमीटर दूर थी, जिससे इसे सुरक्षा के लिहाज से बड़ा खतरा माना जा रहा था.

सुरंगों से किए गए थे कई हमले

इजरायली सेना का कहना है कि युद्ध के दौरान इन सुरंगों से इजरायली सैनिकों और नागरिकों पर कई बार हमला किया गया. इस दौरान विस्फोटक, ड्रोन (UAV) और एंटी-टैंक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था. IDF ने बताया कि उसने इस पूरे अंडरग्राउंड नेटवर्क के बड़े हिस्से को नष्ट कर दिया है ताकि भविष्य में इसका इस्तेमाल न किया जा सके.

ब्यूफोर्ट रिज में बढ़ाई गई सैन्य मौजूदगी

इजरायली सेना ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में उसने ब्यूफोर्ट रिज इलाके में अपनी तैनाती पूरी कर ली है. सेना लगातार इस क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई करेगी.

सीजफायर का पालन करने की बात

IDF ने कहा कि इजरायल लेबनान के साथ हुए युद्धविराम समझौते का सम्मान करता है. साथ ही, यदि देश की सुरक्षा को कोई खतरा होता है तो सेना जरूरी कार्रवाई करती रहेगी.

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं. उनका कहना था कि अब लेबनान में हालात को संभालने की जिम्मेदारी सीरिया को निभानी चाहिए.

ये भी पढ़ें- भारत आएंगे चीन की राष्ट्रपति शी जिनपिंग? इंडिया ने भेजा है न्योता, गलवान झड़प के बाद होगा पहला दौरा