Kal Ka Mausam: देशभर में मानसून फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 23 जुलाई को देश के 18 राज्यों में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश हो सकती है. सबसे ज्यादा असर पश्चिम और मध्य भारत में देखने को मिलेगा.
गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, उत्तर भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी है.
अगले कुछ दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून मजबूत रहेगा. दक्षिण भारत में बारिश कुछ कम हो सकती है, लेकिन कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है.
गुजरात और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा खतरा
23 जुलाई को गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है. कई जगह जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है. लोगों को जरूरत न हो तो यात्रा करने से बचने और प्रशासन की सलाह मानने की अपील की गई है.
राजस्थान, मध्य प्रदेश और गोवा में भी अलर्ट
पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और कोंकण-गोवा के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण कुछ जगहों पर भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका भी है.
दिल्ली-NCR में मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली और एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रह सकते हैं. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगह तेज बारिश हो सकती है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी. हालांकि ऑफिस के समय ट्रैफिक और जलभराव की परेशानी बढ़ सकती है.
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी बारिश
उत्तर प्रदेश में मौसम बदला हुआ रहेगा. पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि 26 जुलाई के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और बढ़ सकती है.
उत्तराखंड में रहें सावधान
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है. भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बंद होने का खतरा बना रहेगा. चारधाम यात्रा पर जाने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है.
बिहार और झारखंड का मौसम
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. कुछ जगह तेज हवा और बिजली गिरने की भी संभावना है. झारखंड में भी रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बाकी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ जगह बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा. दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी, लेकिन तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मछुआरों के लिए सलाह
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की संभावना है. गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के तटीय इलाकों में समुद्र उग्र रह सकता है. मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 24 घंटे तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें- हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर को मौका देने के लिए क्या बदले गए फिटनेस नियम? जानें पूरा मामला