Monsoon Alert: फिर एक्टिव हुआ मानसून, दिल्ली से लेकर पूर्वोत्तर तक... इन 20 राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

IMD Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर, मध्य, पूर्व, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों के लिए 22 से 27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

imd-heavy-rain-alert-india-monsoon-july-weather-update
Image Source: ANI

IMD Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर, मध्य, पूर्व, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों के लिए 22 से 27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि कुछ स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहेगी.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मिलेगी राहत

आईएमडी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 22 से 25 जुलाई के बीच रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा. बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 26 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है, जिसके चलते एक बार फिर उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 जुलाई तक लगातार भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के कई हिस्सों में भी तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले चार से पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अच्छी बारिश के आसार हैं, जिससे कई इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.

पश्चिम, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी रहेगा मौसम का असर

गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में 22 से 26 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है.

वहीं पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 27 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से मछुआरों को गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और दक्षिण श्रीलंका से सटे समुद्री क्षेत्रों में 25 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है. साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न रुकने की अपील की गई है.

ये भी पढ़ें: अमेरिका ही नहीं, 10 और देशों से ट्रेड डील की तैयारी, सरकार ने संसद में दी बड़ी जानकारी