Lok Adalat 2026: अगर आप भी ट्रैफिक ई-चालान के कारण परेशान हैं और उसे लेकर सोच रहे हैं कि कैसे निपटें, तो आपके लिए राहत की खबर है. साल 2026 की पहली लोक अदालत 14 मार्च को आयोजित होने जा रही है, जहां आपको अपने पुराने या पेंडिंग ट्रैफिक चालान को कम कराने या कुछ मामलों में माफ करवाने का मौका मिल सकता है. बहुत से लोग छोटे-छोटे ट्रैफिक नियम तोड़ने के बाद चालान तो कटवा लेते हैं, लेकिन उन्हें समय पर जमा नहीं कर पाते, जिससे उनका चालान पेंडिंग हो जाता है. ऐसे मामलों के समाधान के लिए लोक अदालत एक त्वरित और आसान विकल्प है.
लोक अदालत क्या होती है?
लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य अदालतों में लंबित मामलों का निपटारा जल्द और सुलझे हुए तरीके से करना है. यह प्रणाली कानूनी सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के तहत काम करती है और इसके तहत दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का हल निकाला जाता है. लोक अदालत का फैसला भी सामान्य अदालत के फैसले की तरह ही वैध होता है. खासकर ट्रैफिक चालान जैसे छोटे मामलों में यह एक बेहतरीन विकल्प साबित होता है, क्योंकि इसमें कानूनी प्रक्रिया का बोझ नहीं होता और मामला जल्दी सुलझा लिया जाता है.
लोक अदालत में कौन से मामलों का होता है निपटारा?
लोक अदालत में आमतौर पर छोटे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने से जुड़े मामलों की सुनवाई होती है. उदाहरण के तौर पर, बिना हेलमेट के बाइक चलाना, सीट बेल्ट न लगाना, रेड लाइट पार करना, गलत जगह वाहन खड़ा करना, स्पीड लिमिट से ज्यादा गाड़ी चलाना आदि मामलों का निपटारा यहां किया जा सकता है. इसके अलावा, पीयूसी सर्टिफिकेट न होना, ड्राइविंग लाइसेंस न रखना या गलत लेन में गाड़ी चलाना जैसे मामूली ट्रैफिक उल्लंघन भी लोक अदालत में सुलझाए जा सकते हैं.
किन मामलों की नहीं होती सुनवाई?
लोक अदालत में केवल उन्हीं मामलों की सुनवाई की जाती है जिनमें दोनों पक्षों के बीच समझौता किया जा सकता है. कुछ गंभीर ट्रैफिक अपराध, जैसे नशे में गाड़ी चलाना, हिट एंड रन केस, या लापरवाही से ड्राइविंग के कारण किसी की मौत होने जैसे मामलों की सुनवाई लोक अदालत में नहीं होती. इसके अतिरिक्त, नाबालिगों द्वारा गाड़ी चलाने और अपराध में वाहन का इस्तेमाल होने जैसे मामलों को भी लोक अदालत में नहीं लिया जाता है. यदि किसी मामले की सुनवाई पहले से किसी अन्य अदालत में चल रही है, तो उसे लोक अदालत में नहीं लाया जा सकता.
लोक अदालत में कैसे रजिस्टर करें?
अगर आप लोक अदालत में अपनी ट्रैफिक चालान संबंधित समस्या का समाधान करना चाहते हैं, तो आपको ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके लिए आपको राज्य ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यहां पर "लोक अदालत आवेदन" विकल्प पर क्लिक करके फॉर्म भरना होगा और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे. आवेदन पूरा होने के बाद, आपको ई-मेल या मोबाइल नंबर पर एक टोकन नंबर प्राप्त होगा. यही टोकन नंबर आपके मामले की सुनवाई के लिए निर्धारित करेगा.
लोक अदालत में कौन से दस्तावेज़ जरूरी हैं?
लोक अदालत में अपनी ट्रैफिक चालान संबंधित समस्या का निपटारा करने के लिए आपको कुछ जरूरी दस्तावेज़ साथ लेकर जाना होगा. इनमें ट्रैफिक चालान की कॉपी, वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं. साथ ही, एक पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, या वोटर आईडी) भी जरूरी होता है. अगर आपको अदालत से कोई नोटिस या समन मिला हो तो उसकी कॉपी भी साथ रखें. यदि आपने पहले चालान का कुछ पैसा जमा किया है, तो उसकी रसीद भी दिखानी होगी.
ये भी पढ़ें: हैकर्स की हर चाल होगी नाकाम! WhatsApp ला रहा नया 'सुरक्षा कवच', जानें कैसे काम करेगा ये धांसू फीचर