Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए एक बार फिर त्योहार की खुशियां और भी खास बनने जा रही हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भाईदूज के शुभ अवसर पर महिलाओं को 250 रुपए का शगुन देने जा रहे हैं. यह राशि 23 अक्टूबर को सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी. खास बात यह है कि इसी के साथ अब लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने 1500 रुपए मिलने की शुरुआत भी हो जाएगी.
पहले ही मिल चुकी है अक्टूबर की किस्त
मुख्यमंत्री ने इस महीने की 1250 रुपए की नियमित किस्त पहले ही ट्रांसफर कर दी थी. अब इस अतिरिक्त 250 रुपए के शगुन के साथ महिलाओं को अक्टूबर माह में कुल 1500 रुपए की सहायता राशि मिल रही है. यानी इस बार दो किस्तों में अक्टूबर की पूरी राशि उनके खाते में पहुंचेगी.
नवंबर से सीधे मिलेंगे पूरे 1500 रुपए
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिवाली से पहले ऐलान किया था कि अक्टूबर से लाड़ली बहना योजना की राशि 1500 रुपए प्रति माह कर दी जाएगी. अक्टूबर में यह दो चरणों में दी जा रही है, लेकिन नवंबर से हर महीने पूरी राशि एक साथ ट्रांसफर की जाएगी, जिससे बहनों को और भी अधिक सुविधा मिलेगी.
1.26 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ
लाड़ली बहना योजना की पहुंच लगातार बढ़ रही है. वर्तमान में प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं. 2022 में योजना शुरू होने के समय महिलाओं को 1000 रुपए प्रति माह मिलते थे. बाद में यह राशि 1250 रुपए की गई और अब इसे बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है.
भाईदूज पर भी मिलेगा शगुन
इससे पहले रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को 250 रुपए का शगुन दिया गया था. मुख्यमंत्री ने अब यह परंपरा भाईदूज पर भी निभाई है. यह पहल सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक भी बन रही है.
सिंगल क्लिक से ट्रांसफर
मुख्यमंत्री 23 अक्टूबर को एक बार फिर सिंगल क्लिक के माध्यम से यह राशि ट्रांसफर करेंगे. इससे सभी लाभार्थी बहनों के खाते में राशि सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचेगी. सरकार की यह डिजिटल पहल, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास को और मजबूत करती है.
ये भी पढ़ें: दिवाली के बाद दमघोंटू हुई मध्य प्रदेश की हवा! AQI लेवल पहुंचा 200 पार; देखें 5 सबसे प्रदूषित शहर