पाकिस्तान में पुलिस ने खैबर-पख्तूनख्वा के सीएम को पीटा, दौड़ा-दौड़ाकर मारे लात-घूंसे, देखें VIDEO

पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा (KP) राज्य के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी को गुरुवार को सड़क पर गिराकर पीटा गया.

Khyber-Pakhtunkhwa CM beaten by police in Pakistan
Image Source: Social Media

पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा (KP) राज्य के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी को गुरुवार को सड़क पर गिराकर पीटा गया. अफरीदी उस समय रावलपिंडी की अडियाला जेल पहुंचे थे, जहाँ पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रमुख इमरान खान बंद हैं. वे इमरान खान के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे.

स्थानीय मीडिया और सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पाकिस्तान सेना के निर्देश पर की गई थी. जेल परिसर के बाहर भारी सुरक्षा तैनात थी और PTI समर्थकों की संख्या लगातार बढ़ रही थी. जैसे ही अफरीदी और उनके साथ आए अन्य नेताओं ने जेल के निकट जाने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया. धक्का-मुक्की के दौरान अफरीदी को लात-घूंसे मारे गए और वह जमीन पर गिर गए.

PTI ने इस घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों और राजनीतिक स्वतंत्रता पर हमला बताया है. पार्टी ने सरकार से चेतावनी दी है कि अगर इमरान खान की सुरक्षा और स्वास्थ्य की सही जानकारी नहीं दी गई तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे.

अफरीदी ने सरकार पर कड़ा हमला बोला

सोहेल अफरीदी ने कहा कि सरकार को इमरान खान की स्थिति और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट जानकारी देनी होगी. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो वे जनता के साथ सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होंगे. अफरीदी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इमरान खान की हालत की वास्तविक जानकारी जनता से छिपा रही है. उन्होंने पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को भी देश की बिगड़ती हालात का जिम्मेदार बताया और कहा कि इमरान तक पहुंच रोकना और उनकी स्वास्थ्य स्थिति छिपाना जनता के भरोसे के साथ खिलवाड़ है.

इमरान खान की सेहत को लेकर अफवाहें तेज़

सोशल मीडिया पर इमरान खान की मौत को लेकर अफवाहें फैल गईं. इमरान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है. पिछले तीन हफ्तों से उनकी बहनें उनसे मिलने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जेल प्रशासन ने अनुमति नहीं दी. इसके चलते उनके स्वास्थ्य के बारे में कयास लगाए जा रहे हैं.

जेल प्रशासन ने बाद में बयान जारी कर कहा कि इमरान खान की तबीयत सामान्य है. PTI ने भी सरकार से स्पष्टीकरण मांगा और मांग की कि पूर्व प्रधानमंत्री और उनके परिवार के बीच मुलाकात की सुविधा दी जाए.

धरने पर बैठी बहनों पर बल प्रयोग

इमरान खान की बहनें अलीमा खान, नोरीन नियाजी और डॉ. उज्मा खान कई दिनों से अडियाला जेल के बाहर धरने पर बैठी थीं. उनका कहना है कि उन्हें भाई से मिलने की अनुमति नहीं दी गई. इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि धरने के दौरान उन पर लाठीचार्ज किया गया और सड़क पर घसीटा गया. बहनों ने इसे “क्रूरता” और इमरान खान को परिवार से अलग करने की साजिश का हिस्सा बताया.

सोहेल अफरीदी ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार इमरान खान की सुरक्षा और स्वास्थ्य के बारे में सार्वजनिक जानकारी नहीं देती है, तो KP सरकार और PTI समर्थक बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर सकते हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि हाल की घटनाओं के बाद पाकिस्तान में तनाव और बढ़ सकता है. सुरक्षा बलों और PTI समर्थकों के बीच किसी भी तरह की झड़प का खतरा बना हुआ है.

ये भी पढ़ें- पुतिन बोले- 'यूक्रेन को अपनी सेना हटानी होगी, तभी रुकेगी लड़ाई', जेलेंस्की ने दिया जवाब, भड़केगी जंग?