इजरायल के सामने एक और चुनौती! याह्या सिनवार के बाद ये शख्स बना हमास प्रमुख, कतर से चलाएगा पूरा नेटवर्क

Khalil al Hayya Hamas Leader: गाजा में इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच हमास ने अपने नए शीर्ष नेता का ऐलान किया है. संगठन ने खलील अल-हय्या को अपना नया प्रमुख चुना है.

Khalil al-Hayya He has become the new Hamas chief taking over command from Yahya Sinwar
Image Source: Social Media

Khalil al Hayya Hamas Leader: गाजा में इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच हमास ने अपने नए शीर्ष नेता का ऐलान किया है. संगठन ने खलील अल-हय्या को अपना नया प्रमुख चुना है. खलील अल-हय्या को यह जिम्मेदारी याह्या सिनवार की जगह दी गई है. सिनवार की 2024 में इजरायली सेना के हमले में मौत हो गई थी. 

इससे पहले हमास के पूर्व राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हानिया की भी जुलाई 2024 में ईरान में हत्या कर दी गई थी. लगातार बड़े नेताओं के मारे जाने के बाद अब खलील अल-हय्या हमास का सबसे बड़ा चेहरा बन गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कतर में रहते हैं और संगठन की ओर से कई महत्वपूर्ण बातचीत में शामिल रहे हैं.

हमास के पुराने नेताओं में शामिल हैं अल-हय्या

खलील अल-हय्या का जन्म 1960 में गाजा पट्टी में हुआ था. वह 1987 में हमास की स्थापना के समय से ही संगठन से जुड़े हुए हैं. वह हमास के उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने गाजा से बाहर रहकर संगठन के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक भूमिका निभाई है.

कतर में रहते हुए उन्होंने कई देशों के साथ बातचीत में हमास का प्रतिनिधित्व किया. वह इजरायल के साथ युद्धविराम से जुड़ी बातचीत में भी हमास के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे हैं.

इजरायली हमलों में परिवार को खोया

खलील अल-हय्या ने इजरायल के साथ संघर्ष में बड़ा निजी नुकसान भी झेला है. 2014 में हुए युद्ध के दौरान इजरायली हवाई हमले में उनके बेटे ओसामा का घर निशाना बना था. इस हमले में उनके बेटे, बहू और तीन पोते-पोतियों की मौत हो गई थी. इसके बाद भी खलील अल-हय्या लंबे समय से इजरायल के निशाने पर रहे हैं.

अब हमास को किस दिशा में ले जाएंगे अल-हय्या?

रिपोर्ट्स के अनुसार, खलील अल-हय्या को पहले भी निशाना बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गए. अब सबकी नजर इस बात पर है कि गाजा में जारी संघर्ष और बातचीत के बीच खलील अल-हय्या हमास की कमान किस तरह संभालते हैं और संगठन की आगे की रणनीति क्या होगी.

ये भी पढ़ें- 'जन नायकन' से 'महाराजा होस्टल' तक... इस हफ्ते थिएटर में आएंगी 8 बड़ी साउथ फिल्में, देखें लिस्ट