600 करोड़ के मालिक, पूर्व MLA... कौन हैं केवल सिंह ढिल्लों? जो बने पंजाब बीजेपी के नए अध्यक्ष

पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा दांव खेलते हुए अनुभवी नेता और उद्योगपति केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है. लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे ढिल्लों अब बीजेपी के नए चेहरे के रूप में सामने आए हैं.

Kewal Singh Dhillon becomes the new president of Punjab BJP
Image Source: Social Media

पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा दांव खेलते हुए अनुभवी नेता और उद्योगपति केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है. लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे ढिल्लों अब बीजेपी के नए चेहरे के रूप में सामने आए हैं. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनका राजनीतिक अनुभव और कारोबारी पकड़ पंजाब में बीजेपी को नई मजबूती दे सकती है. खास बात यह है कि राजनीति के साथ-साथ व्यापार जगत में भी उनका नाम बेहद प्रभावशाली माना जाता है.

कांग्रेस से दो बार बने विधायक

बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव में 16 मई 1950 को जन्मे केवल सिंह ढिल्लों ने अपनी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई पंजाब में ही पूरी की. राजनीति में उनकी शुरुआत कांग्रेस पार्टी से हुई थी और उन्होंने कई वर्षों तक कांग्रेस के मजबूत नेता के रूप में काम किया. साल 2007 और 2012 में उन्होंने बरनाला विधानसभा सीट से लगातार दो बार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की. उस दौर में वह मालवा क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे.

चार बार चुनाव में मिली हार

हालांकि, साल 2017 के बाद उनका राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा. पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्हें आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरमीत सिंह से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने संगरूर सीट से किस्मत आजमाई, लेकिन यहां भी भगवंत मान के हाथों शिकस्त मिली. लगातार हार के बावजूद उन्होंने राजनीति से दूरी नहीं बनाई और अपने जनसंपर्क को मजबूत बनाए रखा.

जून 2022 में केवल सिंह ढिल्लों ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने संगरूर लोकसभा उपचुनाव और फिर 2024 के बरनाला विधानसभा उपचुनाव में चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों जगह सफलता नहीं मिली. बावजूद इसके, पार्टी नेतृत्व ने संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें पंजाब बीजेपी की कमान सौंप दी. माना जा रहा है कि बीजेपी पंजाब में नए समीकरण बनाने के लिए अनुभवी चेहरों पर भरोसा जता रही है.

नेता के साथ ही उद्योगपति भी हैं ढिल्लों

राजनीति के अलावा केवल सिंह ढिल्लों एक बड़े उद्योगपति भी हैं. वह ढिल्लों समूह के प्रमुख हैं, जिसका कारोबार पंजाब समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में फैला हुआ है. पेप्सिको के बड़े बॉटलर्स में उनकी पहचान रही है और व्यापार क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें ‘डोनाल्ड एम केंडल बॉटलर ऑफ द ईयर’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं. रियल एस्टेट, मल्टीप्लेक्स और कई अन्य क्षेत्रों में सक्रिय उनके कारोबारी साम्राज्य की कीमत करीब 600 से 700 करोड़ रुपये बताई जाती है.

ये भी पढ़ें: BJP ने बदले दिल्ली, पंजाब समेत 4 प्रदेशों के अध्यक्ष, किस नेता को कहां मिली जिम्मेदारी? देखें लिस्ट