Karachi Blast: पाकिस्तान के कराची में शनिवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ. शहर के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय के पास आत्मघाती हमला किया गया. धमाके के बाद काफी देर तक गोलीबारी भी होती रही.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि 3 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि मरने वालों में आम नागरिक शामिल हैं या पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के जवान.
पहले धमाका, फिर शुरू हुई फायरिंग
रिपोर्ट्स के अनुसार, एक आत्मघाती हमलावर ने रेंजर्स मुख्यालय के पास खुद को विस्फोट से उड़ा लिया. इसके बाद उसके साथ मौजूद अन्य हमलावरों ने सुरक्षा बलों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि पहले एक बड़ा धमाका हुआ, फिर दो छोटे विस्फोट हुए. इसके बाद सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ चली.
As received:
— Yusra Askari (@YusraSAskari) June 27, 2026
'Reportedly Rangers installation in Johar near Mosmiyat under attack as per initial information.'#Karachi #Pakistan pic.twitter.com/rZgmq48hYZ
पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं. फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
हाई सिक्योरिटी इलाके में हुआ हमला
जिस जगह हमला हुआ, वह कराची का हाई सिक्योरिटी इलाका माना जाता है. यह सड़क कराची यूनिवर्सिटी समेत कई शैक्षणिक संस्थानों को जोड़ती है और पाकिस्तान मौसम विभाग की ओर भी जाती है.
क्या है पाकिस्तान रेंजर्स?
पाकिस्तान रेंजर्स एक अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री फोर्स) है. इसका काम देश की सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियान और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. जरूरत पड़ने पर यह बल पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर भी ऑपरेशन करता है.
पाकिस्तान रेंजर्स दो हिस्सों में बंटा है. पंजाब रेंजर्स भारत-पाकिस्तान सीमा के पंजाब सेक्टर की सुरक्षा संभालते हैं, जबकि सिंध रेंजर्स कराची और सिंध के दूसरे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं. इनमें इलाके में भारी पुलिस और सुरक्षा बल की मौजूदगी दिखाई दे रही है. कुछ वीडियो में गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने इस हमले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप, दिल्ली से कश्मीर तक महसूस हुए तेज झटके, जानें पूरी जानकारी