JPSC Civil Services Recruitment 2025: झारखंड प्रशासनिक सेवा में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने आगामी संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य की विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में कुल 103 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इच्छुक उम्मीदवार 2026 के फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं.
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
इच्छुक उम्मीदवार केवल जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 है. प्रारंभिक परीक्षा की संभावित तिथि 8 मार्च 2026 निर्धारित की गई है. ध्यान रहे कि आयु सीमा का निर्धारण 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर किया जाएगा.
पदों का विवरण
इस भर्ती में विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं के पद शामिल हैं, जिनमें उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, सहायक नगर आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रोबेशन पदाधिकारी और अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. सबसे अधिक पद पुलिस उपाधीक्षक के हैं, जिनकी संख्या 42 है, जबकि उप समाहर्ता के पद 28 निर्धारित किए गए हैं. भर्ती के तहत विभिन्न वर्गों के लिए कुल 103 पदों का आवंटन किया गया है.
आवश्यक शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है. आयु सीमा वर्ग के आधार पर निर्धारित की गई है.
चयन प्रक्रिया: तीन चरणों में होगी परीक्षा
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी. पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, उसके बाद मुख्य परीक्षा और फिर अंत में इंटरव्यू होगा. मुख्य परीक्षा में 100 अंकों का एक क्वालिफाइंग पेपर होगा, जिसमें उम्मीदवार को कम से कम 30 अंक लाना अनिवार्य होगा. इसके अलावा, 950 अंकों के अन्य पेपर भी होंगे. मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बिहार पुलिस में नौकरी पाने का मौका, स्पेशल ब्रांच में कॉन्स्टेबल पदों पर निकली भर्ती, कैसे करें आवेदन?