DU Assistant Professor Vacancy: दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े कई कॉलेजों में लंबे समय से शिक्षकों की भारी कमी चल रही थी. अब इस परेशानी को दूर करने के लिए डीयू प्रशासन ने बड़ी पहल की है. विश्वविद्यालय से जुड़े 12 कॉलेजों में करीब 600 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की तैयारी शुरू हो चुकी है. उम्मीद है कि मार्च से इस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है. नई भर्तियों से कॉलेजों में पढ़ाई की व्यवस्था सुधरेगी और छात्रों को नियमित शिक्षकों का फायदा मिलेगा.
इन 12 कॉलेजों में लंबे समय से बड़ी संख्या में टीचिंग पोस्ट खाली पड़ी हुई हैं. कुल स्वीकृत पदों की संख्या करीब 1500 से ज्यादा है, लेकिन इनमें से लगभग 980 पद अब तक भरे नहीं जा सके हैं. फिलहाल कई कॉलेजों में पढ़ाई का काम गेस्ट फैकल्टी के भरोसे चल रहा है. ऐसे में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति होने से छात्रों को पढ़ाई में स्थिरता मिलेगी और शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी.
गवर्निंग बॉडी बनने से मिली रफ्तार
भर्ती प्रक्रिया पहले प्रशासनिक कारणों से अटकी हुई थी. खासकर कई कॉलेजों में गवर्निंग बॉडी का गठन न होने की वजह से नियुक्तियां नहीं हो पा रही थीं. अब दिल्ली विश्वविद्यालय और दिल्ली सरकार मिलकर गवर्निंग बॉडी का गठन कर रहे हैं, जिसमें दोनों पक्षों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इससे आगे चलकर भर्तियों में देरी होने की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो सकती है.
कौन कर सकता है आवेदन
असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में कम से कम 55 फीसदी अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ ही यूजीसी नेट पास होना जरूरी है. जिन अभ्यर्थियों के पास पीएचडी की डिग्री है, उन्हें नेट से छूट मिल सकती है. उम्मीदवार का अकादमिक रिकॉर्ड अच्छा होना चाहिए और विषय पर पकड़ होनी चाहिए. सभी नियम यूजीसी और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार होंगे.
कैसे होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू और दस्तावेजों की जांच के आधार पर किया जाएगा. इंटरव्यू में विषय की समझ, पढ़ाने की क्षमता और रिसर्च से जुड़ा अनुभव देखा जाएगा. फाइनल चयन मेरिट और इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर तय होगा.
इन कॉलेजों में निकलेगी भर्ती
भर्ती आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज, अदिति महाविद्यालय, बीआर कॉलेज, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज, इंदिरा गांधी कॉलेज, केशव महाविद्यालय, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, राजगुरु कॉलेज, सुखदेव कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज और भास्कराचार्य कॉलेज में होगी.
आवेदन कैसे करें
भर्ती का नोटिफिकेशन आने के बाद उम्मीदवारों को दिल्ली विश्वविद्यालय या संबंधित कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां दिए गए भर्ती नोटिस को ध्यान से पढ़कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पढ़ाई से जुड़ा विवरण और अनुभव भरना होगा. साथ ही मार्कशीट, डिग्री सर्टिफिकेट, नेट या पीएचडी से जुड़े प्रमाण पत्र और फोटो अपलोड करने होंगे. आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंट या पीडीएफ अपने पास सुरक्षित रख लें.
ये भी पढ़ें- फरवरी में ही बदला दिल्ली-एनसीआर का मौसम, पड़ने वाली है भयंकर गर्मी; 30 डिग्री तक जा सकता है पारा