PM Kisan Yojana: खाते में कब आएंगे पीएम किसान योजना के 2000 रुपये? आ गया बड़ा अपडेट

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है.

When will Rs 2000 of PM Kisan Yojana come to the account
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है. जनवरी महीना खत्म हो चुका है और फरवरी भी लगभग समाप्ति पर है, लेकिन अब तक किसानों के खातों में दो हजार रुपये की अगली किस्त नहीं आई है. ऐसे में देशभर के करोड़ों किसानों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर यह रकम कब तक मिलेगी.

यह चिंता इसलिए भी स्वाभाविक है क्योंकि कई छोटे और मध्यम किसान खेती से जुड़े खर्चों के लिए इसी राशि पर निर्भर रहते हैं. बीज, खाद, दवाई और अन्य जरूरतों के लिए यह मदद काम आती है. हालांकि अभी तक सरकार की ओर से 22वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है.

होली से पहले आ सकती है किस्त?

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 24 फरवरी को किसानों के खातों में दो हजार रुपये ट्रांसफर किए जा सकते हैं. लेकिन यह तारीख अभी केवल संभावित मानी जा रही है. कृषि मंत्रालय ने इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है.

दूसरी ओर, यह भी चर्चा है कि होली से पहले केंद्र सरकार किसानों को यह राशि दे सकती है, ताकि त्योहार के समय उन्हें आर्थिक राहत मिल सके. जब तक सरकार की ओर से स्पष्ट सूचना नहीं आती, तब तक इन तारीखों को सिर्फ अनुमान ही माना जाना चाहिए.

किन वजहों से अटक सकती है किस्त?

कई बार ऐसा होता है कि योजना का लाभ मिलने में तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से देरी हो जाती है. अगर किसी किसान की किस्त पेंडिंग दिख रही है, तो इसका मतलब है कि आवेदन या दस्तावेज में कहीं न कहीं कमी हो सकती है.

योजना का पैसा पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी होना अनिवार्य है:

  • आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना चाहिए.
  • पैन कार्ड का सत्यापन पूरा होना चाहिए.
  • बैंक खाते की जानकारी सही और सक्रिय होनी चाहिए.
  • ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए.

अगर इनमें से कोई भी प्रक्रिया अधूरी है, तो किस्त आने में दिक्कत हो सकती है.

घर बैठे ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस

किसान अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे ही अपनी किस्त की स्थिति जांच सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in खोलें.

होमपेज पर “फार्मर कॉर्नर” नाम का एक सेक्शन दिखाई देगा. इस पर क्लिक करने के बाद “नो योर स्टेटस” विकल्प चुनें. वहां आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा सुरक्षा कोड दर्ज करना होगा.

इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा. ओटीपी दर्ज करते ही आपकी 22वीं किस्त का पूरा स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा. इससे आपको पता चल जाएगा कि आपकी राशि जारी हुई है या किसी वजह से रुकी हुई है.

ये भी पढ़ें- 50%, 25%, 18%, 10%, या सिर्फ 3%... US कोर्ट के फैसले के बाद भारत पर कितना लगेगा टैरिफ? समझें गणित