Israel and Iran War: ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है. दोनों देशों के बीच लगातार हो रहे हमलों के बीच कई देश इस युद्ध को रोकने और शांति स्थापित करने की अपील कर रहे हैं. इसी कड़ी में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है. उनका कहना है कि पाकिस्तान इस खतरे को नजरअंदाज नहीं कर सकता और इतनी बड़ी जंग का हिस्सा बनने का जोखिम देश के लिए घातक होगा.
बिलावल भुट्टो ने जताई चिंता
ब्रसेल्स में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिलावल भुट्टो जरदारी ने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान किसी भी कीमत पर अपनी सीमाओं पर युद्ध नहीं चाहता. उन्होंने कहा, "ईरान के खिलाफ हुए हालिया हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं. पाकिस्तान हमेशा अपने सभी पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है, चाहे वह भारत हो, अफगानिस्तान हो या ईरान. हम अपने चारों ओर स्थिरता के पक्षधर हैं और किसी भी संघर्ष का व्यापक युद्ध में बदलना हमारे देश के हित में नहीं है." बिलावल ने आगाह किया कि ईरान में चल रहा यह संघर्ष कहीं इराक जैसी स्थिति न बना दे या फिर दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की ओर न धकेल दे. उन्होंने कहा, "आज के समय में युद्ध बहुत सामान्य हो गया है. हर महीने कोई न कोई संघर्ष बड़े युद्ध में बदल जाता है. ऐसा माहौल खतरनाक है."
युद्ध विराम की अपील
बिलावल भुट्टो जरदारी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि ईरान और इजरायल के बीच तत्काल युद्ध विराम कराया जाए. उन्होंने विशेष रूप से फिलिस्तीन में जारी हालात का भी जिक्र किया और कहा कि कब्जे की स्थिति को खत्म करने के लिए विश्व शक्तियों को सक्रिय रूप से प्रयास करने होंगे. बिलावल ने कहा, "लगातार युद्ध हमारे किसी भी हित में नहीं है. हमें इस चक्र को तोड़ने की जरूरत है. संघर्षों को बातचीत से सुलझाने का समय आ गया है."
इजरायल की चेतावनी
इस बीच, ईरान द्वारा मिसाइल हमले के जवाब में इजरायल ने अपने हमले और तेज कर दिए हैं. इजरायल के रक्षा मंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर ईरान ने हमले नहीं रोके तो वे तेहरान को भी नष्ट कर सकते हैं. हालात दिन-ब-दिन खतरनाक होते जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: मिसाइलों की बरसात और धमाकों की दहाड़... क्या तीसरे विश्व युद्ध की आहट है ईरान-इजराइल युद्ध?