Iran War: ड्रोन धमाके से जल उठा दुबई एयरपोर्ट, सुरक्षा की वजह से सभी उड़ानों पर रोक, देखें वीडियो

दुबई में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ.

Iran War Dubai airport burnt due to drone Attack All flights stopped video
Image Source: Social Media

Dubai Airport: दुबई में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ. धमाके के बाद पास स्थित ईंधन टैंक में आग लग गई और आसमान में ऊंची लपटें और काला धुआं दिखाई देने लगा. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आग की लपटें दूर से भी साफ देखी जा सकती हैं.

दुबई मीडिया ऑफिस ने पुष्टि की कि एयरपोर्ट के आसपास हुए एक ड्रोन हादसे के कारण फ्यूल टैंक प्रभावित हुआ है. राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली है, हालांकि घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

तेज धमाकों से मचा हड़कंप

स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी. कुछ ही देर बाद एयरपोर्ट के आसपास धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं. सूचना मिलते ही दुबई सिविल डिफेंस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया.

अधिकारियों ने बताया कि दमकल टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हैं. अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है.

उड़ानों पर पड़ा असर

इस घटना का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार दुबई आने वाली कई उड़ानों को फिलहाल इंतजार में रखा गया.

कराची, काठमांडू, हनोई, अस्मारा और अम्मान से आने वाली कम से कम पांच उड़ानें दुबई एयरपोर्ट पर उतरने से पहले होल्ड पर रहीं. सुरक्षा कारणों से विमानों को उतरने की अनुमति देने में देरी की गई.

हमले से पहले मिली थी चेतावनी

इस घटना से पहले ईरान की ओर से दुबई और कतर की राजधानी दोहा के कुछ इलाकों के लोगों को क्षेत्र खाली करने की चेतावनी दी गई थी. ईरानी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि इन इलाकों में अमेरिकी सैन्यकर्मी मौजूद हो सकते हैं, इसलिए इन्हें संभावित निशाना बनाया जा सकता है.

इसके अलावा यूएई के व्यस्त बंदरगाह और अन्य पोर्ट सुविधाओं के आसपास के इलाकों को भी खाली करने की चेतावनी दी गई थी. अब दुबई एयरपोर्ट के पास लगी आग के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.

ये भी पढ़ें- खत्म होने वाली हैं इजरायल की एयर डिफेंस मिसाइलें, ईरानी ने उड़ाया आयरन डोम, हमलों से कैसे होगा बचाव?