Iran Attack: ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिका को बड़ा सैन्य झटका लगा है. रिपोर्टों के मुताबिक सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर हुए ईरानी मिसाइल हमले में अमेरिकी वायुसेना के पांच रीफ्यूलिंग विमान क्षतिग्रस्त हो गए. बताया जा रहा है कि हमले के समय ये विमान एयर बेस पर जमीन पर खड़े थे.
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार जिन विमानों को नुकसान पहुंचा, वे KC-135 रीफ्यूलिंग टैंकर थे. ये विमान लड़ाकू जेट और बमवर्षक विमानों को हवा में ईंधन भरने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं और सैन्य अभियानों में बेहद अहम भूमिका निभाते हैं.
हालांकि अधिकारियों ने बताया कि हमले में विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं. उन्हें मरम्मत के लिए भेजा गया है और इस घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है.
रीफ्यूलिंग विमानों को लगातार नुकसान
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में दो KC-135 टैंकर आपस में टकरा गए थे. इस दुर्घटना में एक विमान क्रैश हो गया था, जबकि दूसरा सुरक्षित उतरने में सफल रहा था. पेंटागन के अनुसार उस हादसे में विमान में सवार सभी छह क्रू मेंबर्स की मौत हो गई थी.
इन घटनाओं को जोड़कर देखें तो अब तक अमेरिकी वायुसेना के कुल सात रीफ्यूलिंग विमानों को नुकसान पहुंचने की खबर सामने आ चुकी है.
अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले
रिपोर्टों के अनुसार 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था. इसके बाद से ईरान ने मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया.
ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए अलग-अलग जगहों पर मौजूद अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ढांचे को टारगेट किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- मिडल ईस्ट जंग के बीच किम जोंग का धमाका! उत्तर कोरिया ने दागीं 10 मिसाइलें, पड़ोसी देशों में हड़कंप