खाड़ी में फिर भड़की जंग, ईरान ने अमेरिका के दो सैन्य ठिकानों पर मचाई तबाही, मिसाइल-ड्रोन से हमला

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध थमने के बजाय और गंभीर होता जा रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं.

Iran attacked two US military bases in Bahrain using missiles and drones
प्रतीकात्मक तस्वीर/ Social Media

Iran Attacks on US Bases: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध थमने के बजाय और गंभीर होता जा रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं. इसी बीच ईरान ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है. इस हमले के बाद बहरीन के एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में आग लग गई. वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दो तेल टैंकरों पर हमले की खबर से समुद्री रास्तों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

इस बीच ईरान ने अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का भी दावा किया है. दूसरी ओर, सऊदी अरब ने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट करने की जानकारी दी है. इन घटनाओं से खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.

बहरीन में अमेरिकी रडार ठिकानों को बनाया निशाना

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों को निशाना बनाया. इस हमले के दौरान बहरीन के एक नागरिक औद्योगिक प्रतिष्ठान में आग लग गई. अधिकारियों के मुताबिक, दमकल और नागरिक सुरक्षा की टीमें आग बुझाने में जुट गईं. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

हमले के बाद बहरीन प्रशासन ने लोगों के लिए जारी खतरे की चेतावनी वापस ले ली और स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी. इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ईरान ने इजरायल को दी जवाबी हमले की चेतावनी

ईरान ने इजरायल को भी कड़ी चेतावनी दी है. ईरानी संसद की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि अगर ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया तो तेहरान इजरायल के ठिकानों को निशाना बनाएगा. उन्होंने कहा कि ईरान की चेतावनियों को केवल बयानबाजी समझने की गलती नहीं करनी चाहिए. जरूरत पड़ने पर इन पर अमल भी किया जाएगा.
होर्मुज के पास तेल टैंकर में लगी आग

खाड़ी क्षेत्र में तनाव का असर समुद्री रास्तों पर भी दिखाई दे रहा है. ईरानी नौसेना के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में प्रतिबंधित क्षेत्र के भीतर एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया. इसके बाद टैंकर में आग लग गई.

वहीं, ब्रिटेन की समुद्री एजेंसी ने ओमान के खासाब इलाके के उत्तर और पूर्व में दो तेल टैंकरों पर अज्ञात हथियारों से हमला होने की जानकारी दी है. इन घटनाओं ने दुनिया के सबसे अहम तेल परिवहन मार्गों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराने का दावा

ईरान की IRGC ने अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराने का भी दावा किया है. इनमें MQ-9 और MQ-1 प्रीडेटर ड्रोन शामिल हैं. ईरान के मुताबिक, दोनों ड्रोन को होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर निशाना बनाया गया. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

सऊदी अरब ने नाकाम किया मिसाइल हमला

इस बीच सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया है कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से पश्चिमी सऊदी अरब की तरफ दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया. इसके बाद मक्का प्रांत में कुछ समय के लिए खतरे का अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में हटा लिया गया.

हालांकि, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने मक्का को निशाना बनाने की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि संगठन के हमले तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों तक सीमित हैं.

यूरेनियम भंडार दूसरे देश भेजने को तैयार नहीं ईरान

अमेरिका के साथ तनाव के बीच ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी रुख साफ कर दिया है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर तेहरान की शर्तें मान ली जाती हैं तो वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल सकता है.

हालांकि, उन्होंने 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को किसी दूसरे देश में भेजने की संभावना से इनकार कर दिया. इससे साफ है कि समुद्री रास्ते खोलने और तनाव कम करने की संभावनाओं के बावजूद परमाणु कार्यक्रम को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं.