Vaibhav Sooryavanshi Orange Cap: आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज की रेस काफी रोमांचक थी. ऑरेंज कैप के लिए मुख्य मुकाबला गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल, साई सुदर्शन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच था. विराट कोहली भी इस दौड़ में थे, लेकिन फाइनल से पहले ही वह काफी पीछे रह गए थे.
गिल और सुदर्शन पर टिकी थीं उम्मीदें
फाइनल मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी सबसे आगे थे. उन्हें पीछे छोड़ने के लिए साई सुदर्शन को 67 रन और शुभमन गिल को 55 रन बनाने की जरूरत थी. गुजरात के फैंस को उम्मीद थी कि दोनों में से कोई एक बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम कर लेगा.
24 मिनट में बदल गया पूरा खेल
फाइनल में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत टीम के लिए अच्छी नहीं रही. शुभमन गिल और साई सुदर्शन दोनों जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए. दोनों बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के साथ ही ऑरेंज कैप की रेस लगभग खत्म हो गई और यह साफ हो गया कि वैभव सूर्यवंशी ही इस सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहेंगे.
विराट कोहली पहले ही हो चुके थे बाहर
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली फाइनल से पहले इस रेस में काफी पीछे थे. उनके नाम 15 मैचों में 600 रन थे. ऑरेंज कैप जीतने के लिए उन्हें फाइनल में बहुत बड़ा स्कोर बनाना पड़ता, जो काफी मुश्किल माना जा रहा था. ऐसे में वह मुकाबला शुरू होने से पहले ही इस दौड़ से लगभग बाहर हो गए थे.
दूसरे सीजन में हासिल की बड़ी उपलब्धि
वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की. खास बात यह रही कि उन्होंने कई बड़े और अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की.
वैभव के नाम रहा सीजन
पूरे टूर्नामेंट में वैभव का बल्ला लगातार चला. उनकी शानदार फॉर्म का ही नतीजा रहा कि सीजन खत्म होते-होते ऑरेंज कैप उनके सिर सजी. कम उम्र में इस उपलब्धि ने उन्हें आईपीएल 2026 के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.
ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश नगर निगम चुनाव में BJP का दबदबा, 4 में से 3 निगमों पर किया कब्जा, पालमपुर में कांग्रेस की जीत