हिमाचल प्रदेश नगर निगम चुनाव में BJP का दबदबा, 4 में से 3 निगमों पर किया कब्जा, पालमपुर में कांग्रेस की जीत

Himachal Municipal Election Results: हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं. इनमें से तीन नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जीत हासिल की है, जबकि एक नगर निगम में कांग्रेस को सफलता मिली है.

BJP dominates Himachal Pradesh Municipal Corporation elections captures 3 out of 4 corporations
Image Source: Social Media

Himachal Municipal Election Results: हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं. इनमें से तीन नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जीत हासिल की है, जबकि एक नगर निगम में कांग्रेस को सफलता मिली है. बीजेपी ने मंडी, धर्मशाला और सोलन में जीत दर्ज की, जबकि पालमपुर में कांग्रेस ने बाजी मारी.

चुनाव नतीजों के बाद बीजेपी ने इसे जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया है. पार्टी का कहना है कि लोगों ने विकास और सुशासन के नाम पर बीजेपी का साथ दिया है. साथ ही पार्टी ने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है.

पूरे प्रदेश में क्या रहे नतीजे?

चारों नगर निगमों के कुल 63 वार्डों में चुनाव हुए थे. इनमें बीजेपी ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिलीं. इसके अलावा 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की.

धर्मशाला में बीजेपी को बहुमत

धर्मशाला नगर निगम के 17 वार्डों में चुनाव हुए थे. यहां बीजेपी ने 11 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया. कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा.

पालमपुर में कांग्रेस का दबदबा

पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया. यहां 15 वार्डों में से 11 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की. बीजेपी को सिर्फ 4 सीटों से संतोष करना पड़ा.

मंडी में कांग्रेस का सफाया

मंडी नगर निगम में बीजेपी ने एकतरफा जीत हासिल की. यहां 14 वार्डों में से 12 सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की. कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा.

सोलन में भी बीजेपी को बढ़त

सोलन नगर निगम की 17 सीटों में से बीजेपी ने 10 सीटों पर जीत हासिल की. कांग्रेस के खाते में 6 सीटें गईं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की.

विधानसभा चुनाव से पहले अहम माने जा रहे नतीजे

इन नगर निगम चुनावों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है. चुनाव के लिए 17 मई को मतदान हुआ था, जिसमें करीब 69.16 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. अब आए नतीजों ने प्रदेश की राजनीति को नई चर्चा दे दी है.

ये भी पढ़ें- Mann Ki Baat: PM मोदी ने एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से की बात, कहा - आप दोनों ने किया कमाल