Indore Suicide Case: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. एक मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक परिवार का जवान बेटा हमेशा के लिए उनसे दूर हो गया. 18 वर्षीय युवक की आत्महत्या की खबर ने न केवल परिजनों बल्कि पूरे मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे की वास्तविक वजहों को जानने का प्रयास कर रही है.
जींस खराब होने पर नाराज हो गया था युवक
जानकारी के अनुसार यह मामला इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाले 18 वर्षीय गौरव अपनी एक पसंदीदा जींस को लेकर काफी भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ था. परिवार के सदस्यों ने बताया कि उसकी मां ने घर के अन्य कपड़ों के साथ जींस को भी वॉशिंग मशीन में धोने के लिए डाल दिया था. इसी दौरान दूसरे कपड़ों का रंग जींस पर चढ़ गया, जिससे उसका रंग खराब हो गया.
जब गौरव को इस बात की जानकारी मिली तो वह बेहद नाराज हो गया. उसने अपनी नाराजगी मां के सामने जाहिर की और गुस्से में आकर अपनी जींस को फाड़ दिया. इतना ही नहीं, उसने अपना मोबाइल फोन भी जमीन पर पटककर तोड़ दिया. घटना के बाद वह कुछ समय के लिए घर से बाहर चला गया था.
घर लौटने के बाद कमरे में चला गया
परिजनों के मुताबिक कुछ समय बाद गौरव वापस घर लौटा, लेकिन वह काफी शांत दिखाई दे रहा था. उसने परिवार के किसी सदस्य से ज्यादा बातचीत नहीं की और सीधे अपने कमरे में चला गया. घरवालों को लगा कि उसका गुस्सा कुछ देर में शांत हो जाएगा और वह सामान्य हो जाएगा. हालांकि काफी समय बीतने के बाद भी जब गौरव कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी. इसके बाद परिजन उसके कमरे में पहुंचे, जहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए.
फंदे पर लटका मिला युवक
कमरे के अंदर गौरव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला. परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की सूचना मिलने पर सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके.
उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना से जुड़ी स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल हाईवे पर भीषण बस हादसा, पांच की मौत, 35 यात्री घायल