लद्दाख के द्रास में आयोजित कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच अगर कभी बातचीत होगी तो उसका मुख्य मुद्दा पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) ही होगा.
रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि PoK भारत का अभिन्न हिस्सा है और पाकिस्तान का वहां कब्जा अवैध है. उन्होंने पाकिस्तान की सेना और आतंकवाद के संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए.
पाकिस्तानी सेना और आतंकियों में कोई फर्क नहीं
राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की सेना आतंकवादियों को समर्थन देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां सेना और आतंकियों के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया है.
उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा शांति और विकास का रास्ता चुना है, जबकि पाकिस्तान की ओर से लगातार आतंकवाद को बढ़ावा दिया जाता रहा है.
भारत तकनीक पर आगे बढ़ रहा, पाकिस्तान कट्टरपंथ पर
रक्षा मंत्री ने भारत और पाकिस्तान की सोच और विकास की तुलना करते हुए कहा कि दोनों देशों के रास्ते बिल्कुल अलग हैं. उन्होंने कहा, “भारत डेटा सेंटर बना रहा है, जबकि पाकिस्तान कट्टरपंथ के केंद्र तैयार कर रहा है.”
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत जहाजों की नई तकनीक और डिजाइन पर काम कर रहा है, वहीं पाकिस्तान आतंक फैलाने की योजनाएं बनाने में लगा हुआ है. उन्होंने कहा कि भारत युवाओं के लिए स्टार्टअप और नए अवसर तैयार कर रहा है, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद का माहौल बढ़ा रहा है.
पाकिस्तान आतंक का रास्ता चुन रहा
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आज सेमीकंडक्टर, तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. देश का ध्यान आत्मनिर्भरता और विकास पर है.
उन्होंने पाकिस्तान पर हमला करते हुए कहा कि जहां भारत नई तकनीक और इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वहीं पाकिस्तान आतंकवाद और कट्टरपंथ को बढ़ावा दे रहा है.
PoK पर भारत का रुख साफ
राजनाथ सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि PoK को लेकर भारत का रुख पूरी तरह स्पष्ट है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ किसी भी बातचीत में PoK का मुद्दा जरूर शामिल होगा. भारत अपनी संप्रभुता और सीमाओं की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करेगा.
रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत लगातार पाकिस्तान से चलने वाली आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाता रहा है. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है.
ये भी पढ़ें- Kargil Vijay Diwas: 74 दिन की जंग, 527 जवान शहीद... कारगिल में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को ऐसे चटाई धूल